TRENDING TAGS :
ईरान तबाही ही एकमात्र सपना! हार से बौखलाए नेतन्याहू, ट्रंप को रोज लगातार करे रहे फोन
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ट्रंप को रोज फोन कर ईरान पर दोबारा हमले शुरू करने की अपील कर रहे हैं।
Iran-Israel-US Conflict: ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की कोशिशों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हर दिन फोन कर रहे हैं और उनसे ईरान पर दोबारा सैन्य हमले शुरू करने की अपील कर रहे हैं। हालांकि, व्हाइट हाउस के भीतर और बाहर कई लोग इस युद्ध को फिर से शुरू होने से रोकने की कोशिश में जुटे हैं। रिपोर्ट में बातचीत से जुड़े एक व्यक्ति के हवाले से कहा गया है कि क्षेत्रीय नेता ट्रंप को तनाव बढ़ाने के बजाय बातचीत को प्राथमिकता देने की सलाह दे रहे हैं।
नेतन्याहू की कोशिशों के बीच ट्रंप पर बढ़ा कूटनीतिक दबाव
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में इजरायल के हालात से परिचित एक व्यक्ति के हवाले से कहा गया है कि नेतन्याहू ईरान पर हमले चाहते हैं, लेकिन ट्रंप को इसके लिए मनाने के वास्ते कोई बड़ा दबाव अभियान नहीं चलाया जा रहा है। दूसरी तरफ, अरब और मुस्लिम देशों के नेता इस बात को लेकर चिंतित बताए गए हैं कि कहीं अमेरिका दोबारा ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू न कर दे।
रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने भी ट्रंप से बातचीत की है। इन नेताओं की कोशिश है कि हालात और न बिगड़ें और विवाद का समाधान बातचीत के जरिए निकाला जाए।
कतर के प्रधानमंत्री से बात के बाद ट्रंप का बदला रुख
इस पूरे घटनाक्रम के बीच ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से बातचीत की। कतर इस समय अमेरिका और ईरान के बीच अस्थायी समझौता कराने की क्षेत्रीय कोशिशों में अहम भूमिका निभा रहा है।
इस बातचीत के बाद ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान पर नए हमले की संभावना फिलहाल कम दिखाई दे रही है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि कतर, सऊदी अरब, यूएई, बहरीन, कुवैत और दूसरे देश मौजूदा स्थिति को जारी रखने के पक्ष में हैं।
ट्रंप ने कहा कि वह ईरान पर नए सैन्य हमले करने के बजाय आर्थिक नाकेबंदी को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने मौजूदा समुद्री नाकेबंदी और नए ऑपरेशन 'आयरन गेट' का भी जिक्र किया। ट्रंप के मुताबिक, संघर्ष खत्म करने की दिशा में सकारात्मक प्रगति हो रही है और अमेरिका अपने हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
ईरान की चेतावनी- हमला हुआ तो जवाब भी अलग तरीके से मिलेगा
दूसरी तरफ, ईरान ने भी अमेरिका और इजरायल को कड़ी चेतावनी दी है। ईरानी अधिकारियों, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) और सैन्य नेतृत्व से जुड़े लोगों ने कहा है कि अगर अमेरिका या इजरायल ने दोबारा हमला किया तो ईरान असममित तरीके से जवाबी कार्रवाई कर सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की संभावित जवाबी कार्रवाई में सैन्य ठिकानों के साथ-साथ दूसरे भौतिक और गैर-भौतिक संसाधनों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इसमें होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाली सात प्रमुख समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबलों, क्षेत्रीय डेटा सेंटर और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने की धमकी भी शामिल है।
युद्ध या बातचीत, अब ट्रंप के अगले कदम पर नजर
फिलहाल एक तरफ नेतन्याहू की ओर से ईरान पर दोबारा हमले की पैरवी किए जाने की खबर है, तो दूसरी तरफ अरब देशों के नेता तनाव कम करने और बातचीत आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। ट्रंप ने भी फिलहाल नए सैन्य हमलों के बजाय आर्थिक दबाव का रास्ता अपनाने के संकेत दिए हैं।
हालांकि, ईरान की जवाबी कार्रवाई की चेतावनी और इजरायल की सैन्य कार्रवाई की मांग के बीच स्थिति अब भी संवेदनशील बनी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि अमेरिका बातचीत का रास्ता आगे बढ़ाता है या फिर ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का विकल्प दोबारा खुलता है।


