TRENDING TAGS :
ईरान की मदद को उतरे किम जोंग उन! तेहरान में मिसाइल लॉन्च पैड बनाएगा नॉर्थ कोरिया, अमेरिका की बढ़ेगी टेंशन?
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच उत्तर कोरिया की एंट्री का दावा! रिपोर्ट के मुताबिक, किम जोंग उन तेहरान को मिसाइल लॉन्च पैड बनाने और हथियार सुरक्षित रखने में मदद दे सकते हैं। क्या रूस के बाद अब ईरान के साथ नया सैन्य समीकरण बना रहा प्योंगयांग?
Iran War: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अब उत्तर कोरिया की एंट्री ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। दावा है कि किम जोंग उन ने ईरान की सैन्य मदद के लिए अपने विशेषज्ञों को मैदान में उतारने का फैसला किया है। ये विशेषज्ञ न सिर्फ ईरान के मिसाइल भंडार को सुरक्षित रखने में मदद करेंगे, बल्कि तेहरान के लिए नए मिसाइल लॉन्च पैड भी तैयार करेंगे। अगर यह दावा सही साबित होता है तो अमेरिका के सामने ईरान के साथ एक नया रणनीतिक समीकरण खड़ा हो सकता है।
अराम न्यूज की एक रिपोर्ट में अमेरिकी और सीआईए के आधिकारिक सूत्रों के हवाले से यह बड़ा दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने कुछ दिन पहले उत्तर कोरिया से अपने मिसाइल सिस्टम को सुरक्षित रखने और नए लॉन्च पैड तैयार करने में मदद मांगी थी। प्योंगयांग ने इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
ईरान की मदद के लिए उतरे किम के वैज्ञानिक, क्या है पूरा प्लान?
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान अपने भूमिगत मिसाइल ठिकानों को फिर से मजबूत करने की तैयारी में है। इसके लिए उसे नए लॉन्च पैड और मिसाइलों को सुरक्षित रखने वाली तकनीकी व्यवस्था की जरूरत है। दावा किया जा रहा है कि अमेरिका के साथ हालिया सैन्य संघर्ष में ईरान के करीब 80 फीसदी मिसाइल लॉन्च पैड नष्ट हो गए थे।
लॉन्च पैड की भारी कमी ने ईरान की मिसाइल क्षमता को प्रभावित किया है। ऐसे में तेहरान अब अपने सैन्य ढांचे को दोबारा खड़ा करने की कोशिश में जुटा है। इसी कड़ी में उसने उत्तर कोरिया का दरवाजा खटखटाया है।
अराम न्यूज की रिपोर्ट का दावा है कि ईरान के पास फिलहाल लॉन्च पैड तैयार करने के लिए जरूरी सामग्री और तकनीकी संसाधनों की कमी है। युद्ध में कई वैज्ञानिकों की मौत ने भी उसकी मुश्किलें बढ़ाई हैं। ऐसे में उत्तर कोरिया के विशेषज्ञों की भूमिका अहम हो सकती है।
अमेरिका-इजराइल के हमलों से बचाने की तैयारी?
ईरान की कथित रणनीति सिर्फ मौजूदा मिसाइलों को बचाने तक सीमित नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान अपने भूमिगत मिसाइल शहरों को मजबूत करना और नई लॉन्चिंग सुविधाएं विकसित करना चाहता है, ताकि भविष्य में अमेरिका और इजराइल के साथ किसी संभावित सैन्य टकराव की स्थिति में जवाबी कार्रवाई की क्षमता बरकरार रख सके।
उत्तर कोरिया के वैज्ञानिकों की कथित तैनाती इसी रणनीति का हिस्सा बताई जा रही है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि विशेषज्ञों की तैनाती किस स्तर पर हुई है और उन्हें किन तकनीकी परियोजनाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रूस के बाद अब ईरान के साथ खड़ा होगा उत्तर कोरिया?
उत्तर कोरिया पहले से ही रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अंतरराष्ट्रीय चर्चा में है। किम जोंग उन के नेतृत्व में प्योंगयांग ने रूस को सैन्य समर्थन दिया है और उत्तर कोरियाई सैनिकों की तैनाती की खबरें भी सामने आ चुकी हैं। अब ईरान को लेकर सामने आए इस दावे ने एक नए सवाल को जन्म दिया है- क्या अमेरिका के विरोध में रूस, ईरान और उत्तर कोरिया के बीच सैन्य सहयोग का दायरा और बढ़ रहा है?
रूस पहले से ईरान के साथ रणनीतिक संबंध रखता है। ऐसे में यदि उत्तर कोरिया भी तेहरान के मिसाइल ढांचे को मजबूत करने में मदद करता है, तो पश्चिम एशिया का सैन्य समीकरण प्रभावित हो सकता है।
फिलहाल अराम न्यूज की रिपोर्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन अगर उत्तर कोरिया की ओर से ईरान को ऐसी तकनीकी मदद दिए जाने की पुष्टि होती है, तो यह अमेरिका के लिए पश्चिम एशिया में एक नई रणनीतिक चुनौती बन सकती है।


