TRENDING TAGS :
Pakistan India Indus Water: 'सिंधु पर डैम बना तो भारत से छिड़ेगा युद्ध...' मुनीर के बाद भड़के बिलावल भुट्टो!
Pakistan India Indus Water dispute: पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने एक बार फिर भारत के खिलाफ बड़ा बयान दिया है। बिलावल ने कहा है कि यदि भारत सिंधु जल संधि को स्थगित करता है और बांध बनाते है, तो भारत के खिलाफ एक बार युद्ध छिड़ेगा। बिलावल भुट्टो ने यह भी कहा कि पाकिस्तान अब पीछे नहीं हटेगा और झुकेगा भी नहीं।
Pakistan India Indus Water
Pakistan India Indus Water dispute: ऑपरेशन सिंदूर में ज़बरदस्त शिकस्त झेलने के बाद भी पाकिस्तान अब भी सुधरने की राह पर चलने के लिए तैयार नहीं हो रहा है। भारत के खिलाफ अब उसकी तीखी बयानबाज़ी और धमकियों का सिलसिला ज़ारी है। भारत को पहले सेना प्रमुख असीम मुनीर ने परमाणु हमले की धमकी दी, और अब पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने सिंधु जल संधि मामले पर युद्ध की धमकी दे डाली है। बिलावल भुट्टो ने कहा कि यदि भारत सिंधु जल संधि में किसी तरह का परिवर्तन करेगा, तो यह पाकिस्तान की सभ्यता और संस्कृति पर हमला माना जाएगा। जिसकी भारत को भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है।
मुनीर के बाद बिलावल भुट्टो की धमकी भरी चेतावनी
सिंध सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित एक इवेंट में बिलावल भुट्टो ने कहा, “यदि भारत सिंधु समझौते को बहाल नहीं करेगा तो ये हमारे इतिहास, संस्कृति और सभ्यता पर हमला मन जाएगा।” उन्होंने दावा करते हुए कहा कि भारत की जल नीति आक्रामक है और यह पाकिस्तान को पानी से वंचित करने की योजना है। बिलावल ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के नागरिक भारत से युद्ध में लड़ने की ताकत रखते हैं और यदि ऐसा हुआ तो पाकिस्तान अपने सभी छह नदियों को वापस ले सकता है।
मुनीर की धमकी से हिली दुनिया
इससे पहले, फ्लोरिडा के टैम्पा में पाकिस्तानी प्रवासियों को संबोधित करते हुए मुनीर ने भविष्य में भारत से युद्ध में अपने देश के अस्तित्व को संकट होने की स्थिति में कथित तौर पर परमाणु हमला करने की धमकी दी थी। अमेरिका में मौजूद पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने कहा कि यदि भारत ने पाकिस्तान की तरफ जल प्रवाह को रोकने का प्रयास भी किया, तो इस्लामाबाद भारतीय बुनियादी ढांचे को तबाह कर देगा। मीडिया खबरों के मुताबिक, मुनीर के हवाले से कहा गया है, ‘‘हम एक परमाणु राष्ट्र हैं। यदि हमें ज़रा भी अंदेशा हुआ कि हम तबाह होने वाले हैं, तो हम अपने साथ आधी दुनिया को भी तबाह कर ले जाएंगे।"
पाकिस्तानी धमकियों पर भारत का ज़बरदस्त जवाब
भारत ने इन धमकियों को गंभीरता से लिया और ज़बरदस्त जवाब दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “परमाणु हथियार की धमकी देना पाकिस्तान की शुरू से आदत है। भारत किसी भी परमाणु धमकी से झुकने वाला नहीं है और अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। भारत ने यह भी कहा कि ऐसी गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां उस देश की परमाणु कमान और नियंत्रण के भरोसे पर गंभीर सवाल उठाती है, जहां सेना आतंकवादी संगठनों के साथ मिली हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की सेना जब भी अमेरिका का साथ पाती है, तो वह अपना असली आक्रामक चेहरा दिखाना शुरू कर देती है। यह इस बात का संकेत है कि पाकिस्तान में लोकतंत्र बेहद कमजोर है और सेना ही वहां की सत्ता चला रही है। भारत के कड़े तेवर देख पाकिस्तान से बर्दाश्त नहीं हुआ उसने फिर एक बयान में कहा कि भारत का यह बयान तथ्यों को फेर-बदलकर पेश किया गया है।


