पाकिस्तान में कितना है सोने का भाव? गिरावट के बाद भी 10 ग्राम खरीदने के लिए खर्च करने होंगे इतने लाख

पाकिस्तान में सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है, लेकिन 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड का भाव अब भी काफी ज्यादा है। जानिए भारत और पाकिस्तान में सोने के ताजा रेट।

Sawan Gupta
Published on: 22 Nov 2026 6:27 PM IST
Gold Rate in Pakistan
X

Gold Rate in Pakistan

Gold Rate in Pakistan: भारत समेत पूरी दुनिया में सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। भारत के अलावा पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी सोने के दामों में भारी कमी आई है। हालांकि इसके बावजूद पाकिस्तान में सोना खरीदना आम लोगों के बस की बात नहीं है। इसकी वजह यह है कि गिरावट के बावजूद पाकिस्तान में सोना अभी भी काफी महंगा है। यहां 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 3.29 लाख पाकिस्तानी रुपये के पार बनी हुई है। आइए जानते हैं पाकिस्तान में सोने का ताजा भाव और भारत के मुकाबले वहां इसकी कीमत कितनी है।

पाकिस्तान में 10 ग्राम सोने का भाव

पाकिस्तान में सोने की कीमतों में आई गिरावट के बावजूद इसका भाव काफी ऊंचा बना हुआ है। 22 नवंबर 2026 को उपलब्ध बाजार आंकड़ों के मुताबिक, पाकिस्तान में 24 कैरेट सोने की कीमत 3,29,220 पाकिस्तानी रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं, 22 कैरेट सोने के लिए 10 ग्राम पर 3,01,783 पाकिस्तानी रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।

अन्य कैरेट के सोने की कीमतों पर नजर डालें तो 21 कैरेट गोल्ड का भाव 2,88,068 पाकिस्तानी रुपये और 18 कैरेट सोने की कीमत 2,46,915 पाकिस्तानी रुपये प्रति 10 ग्राम है। यानी पाकिस्तान में 22 कैरेट सोने का भाव भी 3 लाख रुपये के आसपास बना हुआ है।

79 हजार पाकिस्तानी रुपये सस्ता हुआ सोना

पाकिस्तान में सोने की कीमतों में पिछले एक हफ्ते के दौरान बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वहां सोना एक हफ्ते में 79,000 पाकिस्तानी रुपये प्रति तोला तक सस्ता हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में आई कमजोरी का असर पाकिस्तान के सर्राफा बाजार पर भी देखने को मिला है। हालांकि, इतनी बड़ी गिरावट के बाद भी सोने की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। यही वजह है कि पाकिस्तान में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव अब भी 3.29 लाख पाकिस्तानी रुपये से ज्यादा है।

भारत में कितना है सोने का भाव?

अब भारत की बात करें तो यहां भी सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 4 दिसंबर एक्सपायरी वाला सोना गिरकर 1,21,949 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया। वायदा बाजार में 16 नवंबर को सोना 1,34,539 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस हिसाब से इसमें 12,590 रुपये की गिरावट आई है। वहीं, इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू बाजार में 24 कैरेट सोने का भाव 1,23,890 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। 22 कैरेट सोने की कीमत 1,20,920 रुपये प्रति 10 ग्राम रही।

पाकिस्तान में महंगा दिखने वाला सोना भारत के मुकाबले सस्ता क्यों?

पाकिस्तान में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 3.29 लाख पाकिस्तानी रुपये सुनने में काफी ज्यादा लगती है। लेकिन सिर्फ दोनों देशों की करेंसी में दर्ज कीमतों की तुलना करना सही तस्वीर नहीं दिखाता। मुद्रा विनिमय दर के आधार पर पाकिस्तानी रुपये को भारतीय रुपये में बदलने पर 3.29 लाख पाकिस्तानी रुपये की कीमत करीब 1.11 लाख भारतीय रुपये बैठती है। इस लिहाज से पाकिस्तान में सोने का भाव भारतीय बाजार के मुकाबले कम है।

इस तरह, दुनियाभर में सोने की कीमतों में गिरावट के बावजूद भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में सोना आम खरीदारों के लिए महंगा बना हुआ है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story