हाथ काटने की धमकी से भारत आने तक... आखिर क्यों चर्चा में है PAK मंत्री का दौरा?

Pakistan Minister India Visit: पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक 20 से 22 दिसंबर तक SCO की बैठक में शामिल होने भारत आएंगे। जानिए, सिंधु जल संधि पर भारत को हाथ काटने की धमकी देने वाले मलिक को किसने न्योता दिया है।

Shalni Kumari
Published on: 19 Nov 2026 1:29 PM IST
India Pakistan Relations
X

Musadik Malik India Visit 

Pakistan Minister India Visit: भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में तल्खी के बीच एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने सबका ध्यान खींचा है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक जल्द ही भारत आने वाले हैं। दिलचस्प बात यह है कि जिस मलिक ने सिंधु जल संधि को लेकर भारत को हाथ काटने तक की धमकी दी थी, वह अब भारतीय न्योते पर ही यहां पहुंचेंगे। वह 20 से 22 दिसंबर के बीच आयोजित होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

मुसादिक मलिक का यह दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है। साल 2023 में तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी भारत आए थे। उन्होंने गोवा में आयोजित SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया था। उसके बाद यह पहला मौका होगा, जब पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत का दौरा करेगा। पुलवामा और पहलगाम आतंकी हमलों के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में आई कड़वाहट के बीच इस यात्रा पर खास नजर रहेगी।

जब भारत को दी थी हाथ काटने की धमकी

मुसादिक मलिक इससे पहले सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) को लेकर दिए गए अपने बयान के कारण चर्चा में आए थे। उन्होंने भारत को चेतावनी देते हुए कहा था कि जो भी पाकिस्तान के पानी को हाथ लगाएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे। उनका यह बयान दोनों देशों के बीच पहले से जारी तनाव को और बढ़ाने वाला था।

दरअसल, पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए थे। इनमें सिंधु जल संधि को स्थगित रखने का फैसला भी शामिल था। इसी मुद्दे पर पाकिस्तान की ओर से लगातार तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आती रही हैं।

भारत के न्योते पर आ रहे हैं मुसादिक मलिक

मुसादिक मलिक भारत में होने वाले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करेंगे। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि भारत ने इस आयोजन के लिए SCO के सभी सदस्य देशों को आमंत्रित किया है। यानी पाकिस्तान को भी इस बैठक में शामिल होने का न्योता दिया गया है।

पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वह SCO के मंच के तहत आपसी सम्मान के आधार पर सभ्यताओं के बीच संवाद और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

2001 में हुई थी SCO की स्थापना

शंघाई सहयोग संगठन की शुरुआत साल 2001 में शंघाई में हुए शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाखस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने मिलकर इस संगठन की स्थापना की थी। भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने, जबकि ईरान को 2023 में पूर्ण सदस्यता मिली। मौजूदा समय में बेलारूस भी इस संगठन का सदस्य है।

भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बावजूद SCO का मंच दोनों देशों को एक साथ बैठने का अवसर देता है। ऐसे में मुसादिक मलिक की भारत यात्रा पर कूटनीतिक और राजनीतिक, दोनों ही स्तरों पर नजर रहेगी।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story