TRENDING TAGS :
पाक की 'नापाक' साजिश... कश्मीर के बहाने अब जामिया पर उगला जहर, RSS के नाम पर दुनिया को कर रहा गुमराह!
Pakistan India Statement: पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत पर कश्मीर और मुस्लिम मुद्दों को लेकर आरोप लगाए हैं। भारत ने इन बयानों को खारिज करते हुए सख्त रुख अपनाया है।
Pakistan India Statement
Pakistan India Statement: पाकिस्तान सरकार ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर को लेकर बयानबाजी करते हुए भारत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने दावा किया है कि भारत कश्मीरियों की पहचान को खत्म करने की कोशिश कर रहा है। इसके साथ ही पाकिस्तान ने भारत में मुस्लिम समुदाय की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर दुनिया को ध्यान देने की जरूरत है।
प्रेस वार्ता में भारत पर तीखे आरोप
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने इस्लामाबाद में एक प्रेस वार्ता के दौरान भारत के खिलाफ कई आरोप लगाए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारत सरकार जम्मू-कश्मीर में डेमोग्राफिक बदलाव कर रही है और वहां की सांस्कृतिक पहचान को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उर्दू भाषा और मुस्लिम संस्कृति, जो पूरे उपमहाद्वीप की साझा विरासत रही है, उसे कमजोर किया जा रहा है। ताहिर अंद्राबी ने आरोप लगाया कि कश्मीर में स्थानीय लोगों की पहचान, भाषा और परंपराओं को निशाना बनाया जा रहा है, जो उनके अनुसार पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस मुद्दे को लगातार उठाता रहेगा और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भी इस पर ध्यान देना चाहिए।
जामिया मिलिया इस्लामिया को लेकर विवाद
प्रेस वार्ता में जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय का भी जिक्र किया गया। आरएसएस के 100 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर उठे विवाद पर पाकिस्तान ने प्रतिक्रिया दी। ताहिर अंद्राबी ने दावा किया कि जामिया में हुए कार्यक्रम और उसके खिलाफ छात्रों के विरोध प्रदर्शन यह दिखाते हैं कि भारत सरकार शिक्षा संस्थानों का “हिंदूकरण” करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जामिया जैसे ऐतिहासिक अल्पसंख्यक संस्थान में इस तरह की गतिविधियां चिंताजनक हैं और इससे उसकी मूल पहचान पर असर पड़ सकता है। पाकिस्तान ने इस पूरे मामले की निंदा की है और इसे अल्पसंख्यकों के अधिकारों से जोड़कर देखा है।
भारत के नेताओं पर भी निशाना
पाकिस्तानी प्रवक्ता ने उत्तर प्रदेश की भाजपा नेता गीता त्यागी के कथित बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। आरोप था कि उन्होंने मुस्लिम समुदाय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इस पर ताहिर अंद्राबी ने कहा कि इस तरह की भाषा बेहद निंदनीय है और यह स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि ऐसे बयान केवल व्यक्तिगत विचार नहीं हैं, बल्कि यह सत्ताधारी दल की सोच को भी दर्शाते हैं। पाकिस्तान ने इसे हेट स्पीच बताते हुए अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से हस्तक्षेप की मांग की और कहा कि भारत में अल्पसंख्यकों, खासकर मुस्लिमों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।


