TRENDING TAGS :
‘25-30 साल पुराना मफलर…', PM मोदी ने New Zealand में सुनाई भावुक दस्ता, गूंज उठी तालियां
PM Modi Auckland Speech: न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने 25-30 साल पुराना मफलर पहनने की भावुक कहानी सुनाई। उन्होंने भारत-न्यूजीलैंड रिश्तों, महिलाओं की भूमिका और साझा मूल्यों पर भी बात की।
Image Source- Social Media
PM Modi Auckland Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने न्यूजीलैंड (New Zealand) के ऑकलैंड (Auckland) में भारतीय समुदाय के एक भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों को नई ऊंचाई देने की बात कही। साथ ही अपनी 25 से 30 साल पुरानी एक ऐसी याद साझा की, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।
40 साल बाद न्यूजीलैंड पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 40 साल बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड आया है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बेहद सौभाग्य की बात है कि वह 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं लेकर न्यूजीलैंड पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा सिर्फ एक सरकारी दौरा नहीं बल्कि दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्तों का प्रतीक है।
पुराना मफलर पहनकर पहुंचे पीएम मोदी
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बेहद भावुक याद साझा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के रूप में यह उनकी पहली न्यूजीलैंड यात्रा हो सकती है, लेकिन करीब 25 से 30 साल पहले भी उन्हें न्यूजीलैंड आने का मौका मिला था। उस समय वह किसी सरकार का हिस्सा नहीं थे और सार्वजनिक जीवन में उन्हें कोई नहीं जानता था।
उन्होंने कहा कि उस यात्रा के दौरान उन्हें एक मफलर (Muffler), एक टोपी (Cap) और एक जोड़ी दस्ताने (Gloves) उपहार में मिले थे। प्रधानमंत्री ने बताया कि आज वह उसी उपहार में मिले मफलर को पहनकर भारतीय समुदाय के बीच पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मफलर का वर्षों तक इस्तेमाल किया है और आज भी उसे उसी तरह संभालकर रखा है, जैसे वह लोगों के प्यार और स्नेह को संभालकर रखते हैं।
रिश्तों की मजबूत बुनियाद का जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों की बुनियाद बहुत मजबूत है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंधों में यादें भी हैं, दोस्ती भी है, साझा मूल्य (Shared Values) भी हैं और एक मजबूत प्रतिबद्धता (Commitment) भी है।
उन्होंने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड की दोस्ती आपसी विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित है।
'वाका' को बताया साझा यात्रा का प्रतीक
प्रधानमंत्री ने न्यूजीलैंड की संस्कृति के एक खास शब्द 'वाका' (Waka) का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह शब्द केवल एक नाव का प्रतीक नहीं है, बल्कि लोगों को साथ लेकर चलने वाली साझा यात्रा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि आज भारत और न्यूजीलैंड का 'वाका' एक नई यात्रा शुरू करने के लिए तैयार है और दोनों देश मिलकर भविष्य की नई संभावनाओं की ओर बढ़ रहे हैं।
महिलाओं के अधिकार और विकास मॉडल की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत हर दौर में खुद को बदलता रहा है और इसकी सबसे बड़ी वजह सीखने की इच्छा है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के हर देश से सीखने में विश्वास रखता है और उसके लिए किसी देश की आबादी नहीं बल्कि जनकल्याण की भावना ज्यादा महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने कहा कि भारत ने न्यूजीलैंड से भी काफी कुछ सीखा है। उन्होंने याद दिलाया कि न्यूजीलैंड दुनिया का पहला देश था जिसने महिलाओं को मतदान (Voting Rights) का अधिकार दिया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज न्यूजीलैंड के विकास में महिलाएं बड़ी भूमिका निभा रही हैं। वहीं भारत भी महिला नेतृत्व वाले विकास (Women Led Development) के मंत्र के साथ महिलाओं के लिए नए अवसर तैयार कर रहा है।
भारतीय शहरों के नामों का किया जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि न्यूजीलैंड एक ऐसा देश है जहां सड़कों और स्थानों के नामों में भी भारतीय शहरों को सम्मान मिला है।
उन्होंने कहा कि वहां कहीं खंडाला (Khandala) है, कहीं बॉम्बे हिल्स (Bombay Hills) है, कहीं कोरोमंडल (Coromandel) है, तो कहीं कलकत्ता स्ट्रीट (Calcutta Street), दिल्ली क्रिसेंट (Delhi Crescent) और अमृतसर स्ट्रीट (Amritsar Street) जैसे नाम मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के नेता जब भी उनसे मिलते हैं तो वहां रहने वाले भारतीय समुदाय की खूब प्रशंसा करते हैं। उन्होंने कहा कि जब भारतीयों की तारीफ होती है तो उनका सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने भी की पीएम मोदी की तारीफ
इस कार्यक्रम में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन (Christopher Luxon) ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी बेहद साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में मदद की है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को वर्तमान समय के सबसे महत्वपूर्ण नेताओं में से एक बताया और कहा कि वह न्यूजीलैंड के सच्चे मित्र हैं।


