TRENDING TAGS :
Narendra Modi Italy Visit: इटली में PM मोदी का बड़ा कूटनीतिक दांव! मेलोनी संग रक्षा-टेक्नोलॉजी पर अहम समझौते
Narendra Modi Italy Visit: प्रधानमंत्री Narendra Modi ने इटली दौरे में पीएम Giorgia Meloni से मुलाकात की। दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, टेक्नोलॉजी और ब्लू इकोनॉमी समेत कई अहम समझौतों पर सहमति बनी।
Narendra Modi Italy Visit: प्रधानमंत्री Narendra Modi अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni के निमंत्रण पर पीएम मोदी रोम पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, रक्षा और तकनीक समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
भारत-इटली रिश्तों को नई मजबूती
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम मोदी ने इटली को भारत का महत्वपूर्ण साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि भारत और इटली के बीच संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देश कई क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि टेक्नोलॉजी और इनोवेशन दोनों देशों की साझेदारी का बड़ा आधार बन रहे हैं। इसके साथ ही रक्षा क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
रक्षा और ब्लू इकोनॉमी पर खास फोकस
बैठक में समुद्री सुरक्षा, शिपिंग, बंदरगाह विकास, लॉजिस्टिक्स और ब्लू इकोनॉमी जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इटली समुद्री क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी और सहयोग के लिए मिलकर काम करेंगे। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच रक्षा औद्योगिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए साझा रोडमैप पर काम हो रहा है। इससे भविष्य में रक्षा उपकरणों के को-डेवलपमेंट और को-प्रोडक्शन का रास्ता मजबूत होगा।
विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता Randhir Jaiswal ने बताया कि पीएम मोदी और मेलोनी के बीच रोम के मशहूर विला डोरिया पैम्फिली में बैठक हुई। इस दौरान पीएम मोदी को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच हुई बातचीत में व्यापार, निवेश, शिक्षा, रक्षा, ब्लू इकोनॉमी, विज्ञान और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।
‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ तक पहुंचे संबंध
बैठक के दौरान भारत और इटली ने अपने रिश्तों को “विशेष रणनीतिक साझेदारी” के स्तर तक ले जाने का फैसला किया। दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए गए। इन समझौतों में रक्षा उद्योग, महत्वपूर्ण खनिज, समुद्री परिवहन, कृषि, रिसर्च, उच्च शिक्षा, नर्सों की भर्ती और आयुर्वेद जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है। दोनों देशों ने 2025-2029 की संयुक्त रणनीतिक योजना पर भी सहमति जताई, जिसके तहत आर्थिक और तकनीकी सहयोग को और मजबूत किया जाएगा।
राष्ट्रपति से भी की मुलाकात
इटली दौरे के दौरान पीएम मोदी ने इटली के राष्ट्रपति Sergio Mattarella से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, सांस्कृतिक संबंध और नई तकनीकों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में भारत और इटली के बीच सहयोग की बड़ी संभावनाएं हैं।
मेलोनी को दिया खास गिफ्ट
दौरे के दौरान पीएम मोदी और मेलोनी की मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहे। पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री को “Melody” टॉफियों का पैकेट गिफ्ट किया। इस दौरान मेलोनी ने मुस्कुराते हुए कहा कि पीएम मोदी उनके लिए खास टॉफी लेकर आए हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


