TRENDING TAGS :
सऊदी अरब के दमाम एयरपोर्ट पर बड़ा रॉकेट हमला , 1 भारतीय समेत 2 मौत, 8 घायल, उड़ानें रद्द
सऊदी अरब के दमाम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो भारतीय घायल हुए।
Saudi Arabia Dammam Airport Attack: सऊदी अरब के दमाम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार रात हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य भारतीय घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में कुल दो लोगों की जान गई है और आठ लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा। फिलहाल हमले से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हालांकि, उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू हुई हैं या नहीं, इस बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है।
भारतीय दूतावास ने दी जानकारी
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना की जानकारी दी। दूतावास के मुताबिक, सऊदी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। इसके अलावा दो भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।
दूतावास ने मृतक की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। साथ ही बताया कि प्रभावित परिवारों से संपर्क किया जा रहा है और भारतीय नागरिक के परिवार को जरूरी मदद पहुंचाई जा रही है। दूतावास ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
हमले के बाद एयरपोर्ट पर उड़ानें रोकनी पड़ीं
किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत के लिए एक महत्वपूर्ण हवाई अड्डा है। बुधवार रात हुए हमले के बाद यहां उड़ानों का संचालन रोक दिया गया था। सऊदी अधिकारियों ने बताया कि हमले से एयरपोर्ट को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। रिपोर्टों में दावा किया गया है कि दमाम एयरपोर्ट पर 20 रॉकेट दागे गए थे।
हूती विद्रोहियों के हमलों को लेकर बढ़ी चिंता
रिपोर्ट के मुताबिक, क्षेत्र में संघर्ष बढ़ने के बाद से दमाम एयरपोर्ट हूती विद्रोहियों के निशाने पर रहा है। ईरान समर्थित हूती समूह पर सऊदी अरब में नागरिक हवाई अड्डों और दूसरी महत्वपूर्ण जगहों को निशाना बनाने के आरोप लगते रहे हैं। सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भी पहले निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है।
सऊदी अरब में हूती हमलों को रोकने की कोशिशों के बीच वहां के नेतृत्व ने अमेरिका से मदद मांगी थी। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हूती समूह पर हमला करने से इनकार किया है। दूसरी ओर, अमेरिका ने सऊदी अरब को और F-35 लड़ाकू विमान बेचने पर सहमति जताई है।
अमेरिका ने दूतावास के गैर-जरूरी कर्मचारियों को लौटने का आदेश दिया
अमेरिका ने सऊदी अरब में अपने दूतावास के गैर-जरूरी कर्मचारियों और उनके परिवारों को देश छोड़ने का आदेश भी दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने सोशल मीडिया पर कहा कि ईरान समर्थित हूती समूह ने सऊदी अरब के खिलाफ अपनी गतिविधियां बढ़ाई हैं। उनके मुताबिक, इन हमलों में नागरिक हवाई अड्डों और दूसरी महत्वपूर्ण सुविधाओं को निशाना बनाया गया है, जिससे लोगों की जान जाने और यात्रा व्यवस्था प्रभावित होने जैसी घटनाएं हुई हैं।


