TRENDING TAGS :
'हिंदू हो इसीलिए एक भी मुस्लिम नहीं लिया', सऊदी अरब में भारतीयों पर नस्लीय हमला, वायरल Video ने मचाया बवाल
Saudi Arabia Racism Indians: सऊदी अरब के रियाद में एक भारतीय एग्जिबिटर के साथ धर्म के आधार पर बदसलूकी का वीडियो वायरल हुआ है। इस घटना ने सोशल मीडिया पर नस्लीय विवाद को जन्म दे दिया है।
Saudi Arabia Racism Indians
Saudi Arabia Racism Indians: सऊदी अरब में एक बार फिर सोशल मीडिया पर भारतीयों के लिए गुस्सा और नस्लीय टिप्पणियां सामने आई हैं। यह विवाद राजधानी रियाद में आयोजित एक बिजनेस एग्जिबिशन से जुड़ा है। इस कार्यक्रम में शामिल एक भारतीय एग्जिबिटर को उसके धर्म के आधार पर निशाना बनाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो क्लिप में एक सऊदी नागरिक को देखा जा सकता है, जो भारतीय कंपनी के स्टॉल पर स्टाफ से बहस कर रहा है। वह कह रहा है कि कंपनी में सभी कर्मचारी हिंदू हैं और इसी आधार पर धार्मिक कट्टरता से जोड़कर आलोचना कर रहा है।
वीडियो और प्रतिक्रिया
यूएई के विशेषज्ञ अमजद ताहा ने अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से यह वीडियो शेयर किया। वीडियो में सऊदी नागरिक कंपनी में मुस्लिम कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर सवाल उठा रहा है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो हाल का है या पुराना, और इसकी पृष्ठभूमि क्या है। अमजद ताहा ने इसे खुला नस्लवाद करार दिया और सऊदी नागरिक के व्यवहार की आलोचना की। उन्होंने लिखा, "एक सऊदी नागरिक भारतीय के हिंदू होने और रियाद एग्जिबिशन में स्टॉल लगाने पर टिप्पणी कर रहा है। वह धमकाते हुए ताना मार रहा है।" उन्होंने आगे कहा, "कंपनी में मुस्लिम कर्मचारियों की संख्या पर सवाल उठाना अज्ञानता का प्रतीक है। यह गरिमा, आस्था और आजाद व्यापार पर हमला है। भारत एक महान सभ्यता है, उस पर हमला ठीक नहीं। बिजनेस मस्जिद की हाजिरी नहीं है। आधुनिक समाज में आस्था की पुलिसिंग की कोई जगह नहीं।"
सऊदी में बढ़ रहा भारतीयों पर निशाना
हालिया दिनों में सऊदी अरब में सोशल मीडिया पर भारतीयों को निशाना बनाने का ट्रेंड देखा जा रहा है। सऊदी यूजर्स न केवल भारतीयों पर टिप्पणियां कर रहे हैं, बल्कि "इंडियन" शब्द का अपमानजनक प्रयोग कर UAE के नागरिकों को ट्रोल कर रहे हैं। इतना ही नहीं, अबु धाबी में विशाल हिंदू मंदिर बनाने को लेकर भी सऊदी यूजर्स ने आलोचना की, जबकि UAE की जनता ने इसका कड़ा जवाब दिया है।


