समंदर में समा गई जिंदगी! इस देश में प्रवासियों की नाव डूबी, 39 लोगों की दर्दनाक मौत, कई लापता

समंदर में समा गई जिंदगी! प्रवासियों की नाव डूबी, 39 लोगों की दर्दनाक

Sachin Singh
Published on: 9 Nov 2026 5:54 PM IST
समंदर में समा गई जिंदगी! इस देश में प्रवासियों की नाव डूबी, 39 लोगों की दर्दनाक मौत, कई लापता
X

Senegal Boat Accident: यूरोप पहुंचने का सपना लेकर समंदर के रास्ते निकले लोगों के साथ एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। पश्चिम अफ्रीकी देश सेनेगल के तट के पास प्रवासियों से भरी एक छोटी लकड़ी की नाव पलट गई। इस हादसे में कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। नाव में सवार लोग स्पेन के कैनरी द्वीप समूह पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। सेनेगल की प्रेस एजेंसी APS ने एक आधिकारिक सूत्र के हवाले से मौतों की पुष्टि की है। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है।

डकार और सेंट लुई के बीच पलटी नाव

सेनेगल के गृह मंत्रालय के मुताबिक, यह हादसा राजधानी डकार और उत्तरी शहर सेंट लुई के बीच समुद्र में हुआ। नाव पलटने के बाद अब तक सिर्फ एक व्यक्ति को बचाया जा सका है। हालांकि, नाव में कुल कितने लोग सवार थे और कितने लोग अभी लापता हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

प्रवासी सहायता संगठन Boza Fii के संस्थापक सालिउ डियूफ ने समाचार एजेंसी AFP को बताया कि अब तक बरामद किए गए सभी शव सेनेगल के नागरिकों के हैं। बाकी यात्रियों की पहचान और उनकी राष्ट्रीयता का पता लगाया जाना अभी बाकी है।

राष्ट्रपति ने जताया दुख, तस्करी करने वालों पर कार्रवाई का ऐलान

हादसे पर सेनेगल के राष्ट्रपति बासिरू दियोमाये फाये ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए लोगों से समुद्र के रास्ते इस तरह की खतरनाक यात्रा न करने की अपील की।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में राष्ट्रपति ने कहा कि लोगों को ऐसी यात्राओं पर भेजने वाले नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार उन लोगों के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी, जो युवाओं की जिंदगी खतरे में डालकर उन्हें समुद्र के रास्ते बाहर भेजने का काम करते हैं। साथ ही, देश में युवाओं के लिए बेहतर भविष्य और रोजगार के अवसर पैदा करने पर भी जोर दिया जाएगा।

कैनरी द्वीप पहुंचने के रास्ते में हर साल जा रही जानें

सेनेगल के पास हुआ यह हादसा एक बार फिर अटलांटिक महासागर के उस खतरनाक रास्ते की याद दिलाता है, जिसका इस्तेमाल प्रवासी यूरोप पहुंचने के लिए करते हैं। स्पेन के कैनरी द्वीप समूह तक पहुंचने के लिए पश्चिम अफ्रीका से बड़ी संख्या में लोग छोटी और भीड़भाड़ वाली नावों में सफर करते हैं। इस दौरान खराब मौसम, ऊंची लहरों और नावों की खराब हालत के कारण बड़े हादसे होते रहते हैं।

स्पेन के प्रवासी अधिकार संगठन Walking Borders के मुताबिक, जनवरी से मई 2026 के बीच कैनरी द्वीप जाने वाले अटलांटिक मार्ग पर 635 लोगों की मौत हुई। संगठन ने इसे निगरानी में रखे गए प्रवासी मार्गों में सबसे ज्यादा मौतों वाला रास्ता बताया। उसके अनुमान के मुताबिक, इस दौरान कैनरी द्वीप पहुंचने वाले हर 100 लोगों के पीछे करीब 21 लोगों की जान गई।

शुक्रवार को 142 प्रवासियों को समुद्र में जाने से रोका

सेनेगल के अधिकारियों ने शुक्रवार को एक और नाव को रोका था। इस कार्रवाई में स्पेन जाने की कोशिश कर रहे 142 प्रवासियों को समुद्री यात्रा पर निकलने से बचा लिया गया। इनमें 23 महिलाएं, दो नवजात बच्चे और दो अन्य बच्चे शामिल थे।

पुलिस के मुताबिक, इस नाव में सेनेगल, गाम्बिया, गिनी-बिसाऊ, गिनी और नाइजीरिया के नागरिक सवार थे। सेनेगल का गृह मंत्रालय तस्करी करने वाले नेटवर्क को खत्म करने के लिए पड़ोसी देशों के साथ मिलकर कार्रवाई करने की बात कह रहा है।

स्पेन के एल हिएरो द्वीप पर भी बढ़ा प्रवासियों का दबाव

एक तरफ सेनेगल के पास समुद्र में हादसे हो रहे हैं, तो दूसरी तरफ स्पेन के कैनरी द्वीप समूह में प्रवासियों की आमद भी तेजी से बढ़ रही है। कैनरी द्वीप के एल हिएरो में अधिकारियों ने शनिवार को आपातकाल घोषित कर दिया। प्रशासन के मुताबिक, नवंबर की शुरुआत से अब तक करीब 30 नावों के जरिए 3,300 से ज्यादा प्रवासी यहां पहुंच चुके हैं।

यह संख्या द्वीप की कुल आबादी के लगभग एक-तिहाई के बराबर है। कैनरी द्वीप प्रशासन के प्रमुख फर्नांडो क्लाविहो ने हालात को बेहद अस्थिर और असहनीय बताया है। एल हिएरो पश्चिम अफ्रीका से समुद्र के रास्ते यूरोप पहुंचने वाले प्रवासियों के लिए प्रमुख प्रवेश स्थलों में से एक है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story