TRENDING TAGS :
बेशर्म 'पाकिस्तान'! भारत के खिलाफ रची 'घटिया चाल', दुनिया के सामने करना चाहता है बदनाम
India Pakistan Tension: दिल्ली धमाके के बाद पाकिस्तान एक बार फिर भारत के खिलाफ घटिया चाल चलने लगा और सोशल मीडिया हैंडल पर झूठी खबरें फैलाकर दुनिया के सामने बदनाम करने की कोशिश कर रहा।
India Pakistan Tension: दिल्ली में हुए बम धमाके की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अब एक नई लड़ाई छिड़ गई है और वह है फर्जी खबरों की लड़ाई। जी हां... एक तरफ जांच एजेंसियां विस्फोट की सच्चाई तक पहुंचने में जुटी हैं, तो वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज आने का नाम नहीं ले रहा है। पाकिस्तान के कुछ सोशल मीडिया हैंडल भारत के खिलाफ झूठ और अफवाहों का जाल बुनने में लग गए हैं। प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने ऐसे कई पोस्ट्स की पहचान की है, जो न सिर्फ दिल्ली धमाके को लेकर भ्रामक बातें फैला रहे हैं बल्कि भारतीय सेना और उसके शीर्ष नेतृत्व को भी बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
पाकिस्तानी हैंडल्स का फर्जी खेल
PIB ने खुलासा किया कि कई पाकिस्तानी प्रोपेगैंडा अकाउंट्स ने एक डॉक्टर्ड वीडियो शेयर किया है, जिसमें भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान के नाम से झूठा बयान दिखाया गया है। यह वीडियो AI की मदद से बनाया गया है ताकि इसे असली दिखाया जा सके।
वीडियो में झूठे दावे किए गए हैं कि सीडीएस ने प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय सेना के खिलाफ टिप्पणी की है, जिसमें कहा गया है कि भारतीय सेना का भगवाकरण हो रहा है। PIB ने इसे पूरी तरह फर्जी बताते हुए कहा कि जनरल अनिल चौहान ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। यह वीडियो सिर्फ भारतीय सेना की साख पर चोट करने और देश के भीतर भ्रम फैलाने के मकसद से बनाया गया है।
दिल्ली धमाके पर फैलाया जा रहा भ्रम
सिर्फ इतना ही नहीं, PIB ने बताया कि पाकिस्तान से चल रहे कई सोशल मीडिया अकाउंट्स दिल्ली बम धमाके को लेकर भी झूठे दावे कर रहे हैं। कुछ पोस्ट्स में कहा जा रहा है कि लाल किले के पास हुआ धमाका एक फर्जी ऑपरेशन था, जिसे भारत सरकार ने खुद रचा। जबकि जांच एजेंसियों ने ऐसे सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।
कुछ वायरल पोस्ट तो इससे भी आगे बढ़ गए इनमें दावा किया जा रहा है कि इस्लामाबाद में हुआ हालिया धमाका भारत और अफगान तालिबान की “साजिश” था। यह न केवल झूठा बल्कि बेहद खतरनाक दुष्प्रचार है, जिसका उद्देश्य भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाना है।
फर्जी खबरों से रहें सावधान
PIB ने साफ संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाली हर जानकारी सच नहीं होती। खासतौर पर जब ऐसी खबरें किसी संवेदनशील घटना या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी हों। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे फर्जी वीडियो या पोस्ट को फॉरवर्ड न करें और अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय केवल विश्वसनीय सूत्रों की जानकारी पर भरोसा करें। फिलहाल दिल्ली धमाके की जांच जारी है, लेकिन यह साफ हो गया है कि दुश्मन सिर्फ बारूद से नहीं, बल्कि “बयानों और बाइट्स” से भी हमला कर रहा है।


