TRENDING TAGS :
'शेख हसीना को छुआ भी तो...'पूर्व पेंटागन अधिकारी ने बांग्लादेश सरकार को दी सख्त चेतावनी
शेख हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश वापसी की चर्चा के बीच पूर्व पेंटागन अधिकारी ने तारिक रहमान सरकार को सख्त चेतावनी दी है। जानिए उन्होंने भारत से क्या अपील की है।
Sheikh Hasina
Sheikh Hasina News: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को स्वेदश लौटने की इच्छा जाहिर की है। उनके इस ऐलान के बाद से ही बांग्लादेश में कई जगहों पर हिंसा हुई। वहीं बांग्लादेश की सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर शेख हसीना स्वेदश आती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसी बीच अमेरिका के रक्षा विभाग पेंटागन के पूर्व अधिकारी माइकल रुबिन ने बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर शेख हसीना के सिर के एक बाल को भी नुकसान पहुंचता है तो इसके लिए बांग्लादेश की सरकार पूरी तरह जिम्मेदार होगी। इतना ही नहीं, रुबिन ने भारत से भी अपील की है कि हसीना की सुरक्षा के मामले में बांग्लादेश के साथ कोई समझौता न किया जाए।
पूर्व पेंटागन अधिकारी ने बांग्लादेश की सरकार को दी चेतावनी ?
न्यूयॉर्क में आयोजित 'बांग्लादेश फ्यूचर' नाम के एक सेमिनार में बोलते हुए माइकल रुबिन ने शेख हसीना की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। रुबिन साल 2002 से 2004 के बीच अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन में काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान और संबंधित अधिकारियों को पहले ही स्पष्ट संदेश दे देना चाहिए कि अगर शेख हसीना को किसी तरह का नुकसान पहुंचता है तो इसके लिए सिर्फ और सिर्फ बांग्लादेश की सरकार जिम्मेदार होगी।
रुबिन ने अमेरिकी राजदूत और दूसरे देशों के राजनयिकों से भी अपील की कि वे ढाका तक यही संदेश पहुंचाएं। उन्होंने भारत को सलाह दी कि हसीना की सुरक्षा के मामले में बांग्लादेश के अधिकारियों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। इस कार्यक्रम में शेख हसीना मुख्य अतिथि थीं। हालांकि, वह न्यूयॉर्क के सेमिनार में वर्चुअली शामिल हुई थीं।
16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना?
शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जाहिर की है। यह तारीख बांग्लादेश के विजय दिवस के रूप में मनाई जाती है। साल 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद से ही वह भारत में रह रही हैं।
हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश सरकार से अनुरोध किया है कि उन्हें दिल्ली से ढाका लाने के लिए बांग्लादेश एयरलाइंस के विमान की व्यवस्था की जाए। हालांकि, उनकी वापसी का रास्ता आसान नहीं है। बांग्लादेश की मौजूदा सरकार ने स्पष्ट किया है कि अगर हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
शेख हसीना को बांग्लादेश में सुनाई गई थी मौत की सजा
शेख हसीना की वापसी में सबसे बड़ी कानूनी अड़चन उनके खिलाफ चल रहा मामला है। साल 2024 में छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराध के मामले में बांग्लादेश की अदालत ने उन्हें उनकी गैरमौजूदगी में दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने इन आरोपों को खारिज किया है। वहीं, बांग्लादेश की सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है।
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि हसीना को प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के अलावा किसी अन्य तरीके से वापस नहीं लाया जा सकता। उन्होंने कहा कि उन्हें हथकड़ी लगाकर ही वापस लाया जा सकता है। इस बयान से साफ है कि ढाका और हसीना के बीच टकराव अभी खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में 16 दिसंबर को उनकी संभावित वापसी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
भारत ने भी हसीना की वापसी पर दिया अहम बयान
शेख हसीना की वापसी को लेकर भारत का रुख भी चर्चा में है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्पष्ट किया कि किसी नागरिक की यात्रा दस्तावेज के आधार पर स्वेच्छा से अपने देश लौटने की इच्छा और प्रत्यर्पण का मामला दो अलग-अलग विषय हैं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की ओर से भेजे गए प्रत्यर्पण अनुरोध की भारत अपनी स्थापित प्रक्रियाओं के तहत जांच कर रहा है।
कौन हैं माइकल रुबिन, जो लगातार बांग्लादेश पर उठा रहे सवाल?
माइकल रुबिन अमेरिका के पूर्व रक्षा विभाग अधिकारी हैं। वह 2002 से 2004 के बीच पेंटागन में सेवाएं दे चुके हैं। शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद से ही वह बांग्लादेश के राजनीतिक घटनाक्रम पर लगातार टिप्पणी करते रहे हैं। रुबिन ने इससे पहले बांग्लादेश में जमात-ए-इस्लामी के बढ़ते प्रभाव और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई थी। उन्होंने अमेरिकी सरकार से जमात-ए-इस्लामी को आतंकवादी संगठन घोषित करने की अपील भी की थी।


