शेख हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में बिगड़ते जा रहे हालात! भारत ने भी स्पष्ट किया रुख

शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने का ऐलान किया है। भारत ने साफ किया कि उनकी स्वैच्छिक वापसी और ढाका की प्रत्यर्पण मांग दो अलग-अलग मामले हैं। जानिए पूरा विवाद।

Alakha Singh
Published on: 25 Nov 2026 10:59 PM IST
शेख हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में बिगड़ते जा रहे हालात! भारत ने भी स्पष्ट किया रुख
X

Sheikh Hasina News: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को स्वदेश वापसी की घोषणा ने ढाका की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। एक तरफ मोहम्मद यूनुस के बाद सत्ता संभालने वाली तारिक रहमान सरकार के सामने हसीना की वापसी और उनके खिलाफ चल रहे मुकदमों का सवाल है, तो दूसरी तरफ भारत के सामने एक संवेदनशील कूटनीतिक और कानूनी चुनौती खड़ी हो गई है। इस बीच भारत ने पहली बार इस पूरे मामले पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि शेख हसीना की स्वैच्छिक वापसी और बांग्लादेश की ओर से की गई प्रत्यर्पण की मांग दो अलग-अलग मामले हैं।

भारत ने प्रत्यर्पण और स्वैच्छिक वापसी को बताया अलग मामला

बुधवार को नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी और बांग्लादेश की प्रत्यर्पण मांग को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा, "किसी नागरिक का यात्रा दस्तावेज के जरिए स्वेच्छा से अपने देश लौटने का मामला प्रत्यर्पण के अनुरोध से अलग है।"

हालांकि, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस संबंध में ज्यादा जानकारी देने से इनकार किया। उन्होंने इतना जरूर दोहराया कि बांग्लादेश की ओर से शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर भेजे गए अनुरोध की भारत स्थापित प्रक्रियाओं के तहत जांच कर रहा है। भारत का यह बयान महत्वपूर्ण है, क्योंकि ढाका लगातार शेख हसीना को भारत से वापस सौंपने की मांग करता रहा है। वहीं, नई दिल्ली ने अब तक इस मामले में कानूनी प्रक्रिया का हवाला देते हुए कोई अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया है।

27 और 28 नवंबर को देशव्यापी बंद का ऐलान

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को देशव्यापी बंद (Shutdown) का आह्वान किया है। पार्टी ने यह ऐलान ऐसे समय किया है, जब हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की घोषणा की है और देश में राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ रहा है। आवामी लीग की आठ सूत्रीय मांगों में पार्टी पर लगे प्रतिबंध हटाना, शेख हसीना और अन्य नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेना, कथित राजनीतिक फैसलों को रद्द करना और राजनीतिक बंदियों को रिहा करना शामिल है। इसके अलावा पार्टी ने महंगाई पर नियंत्रण, बिजली-गैस-पानी और ईंधन की कीमतें घटाने, बंद पड़े उद्योगों को दोबारा खोलने, बेरोजगार मजदूरों को रोजगार देने, महिलाओं, बच्चों और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रेस और अभिव्यक्ति की आजादी बहाल करने की मांग की है। आवामी लीग का यह आंदोलन तारिक रहमान सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। हाल के दिनों में पार्टी समर्थकों के प्रदर्शन, आगजनी, बम धमाकों और राजनीतिक हिंसा की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ाई है। सरकार ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। ऐसे में 27-28 नवंबर का बंद बांग्लादेश में सत्ता संघर्ष और शेख हसीना की संभावित वापसी से पहले शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने का ऐलान

शेख हसीना की वापसी की चर्चा उस वक्त तेज हुई, जब उनके प्रवक्ता ने घोषणा की कि पूर्व प्रधानमंत्री 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना बना रही हैं। यह तारीख बांग्लादेश के लिए ऐतिहासिक महत्व रखती है। इसी दिन 1971 में पाकिस्तान से मुक्ति के बाद बांग्लादेश विजय दिवस मनाता है।

हसीना ने बांग्लादेश की मौजूदा सरकार से अपने स्वदेश लौटने के लिए जरूरी यात्रा दस्तावेज जारी करने की मांग भी की थी। हालांकि, उनकी इस मांग को सरकार ने खारिज कर दिया।

हसीना की वापसी का ऐलान ऐसे समय हुआ है, जब बांग्लादेश में उनकी राजनीतिक विरासत, अवामी लीग का भविष्य और 2024 के आंदोलन से जुड़े मामलों को लेकर तनाव बना हुआ है।

15 साल की सत्ता, छात्र आंदोलन और भारत में शरण

शेख हसीना करीब 15 साल तक बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं। लेकिन जुलाई-अगस्त 2024 में आरक्षण विरोधी छात्र आंदोलन ने उनकी सरकार की नींव हिला दी। देखते ही देखते यह आंदोलन व्यापक सरकार विरोधी विद्रोह में बदल गया। 5 अगस्त 2024 को हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर देश से भागना पड़ा। इसके बाद वह भारत आ गईं और तभी से भारत में रह रही हैं।

उनके सत्ता से हटने के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गए। अंतरिम व्यवस्था के दौरान उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हुए। नवंबर 2025 में 2024 के आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उन्हें उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई गई।

हालांकि, शेख हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने बांग्लादेश लौटकर अदालत के सामने आत्मसमर्पण करने की इच्छा भी जताई है।

तारिक रहमान सरकार के सामने भी बड़ी चुनौती

बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद अब तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार के सामने शेख हसीना का मामला बड़ी राजनीतिक और कानूनी चुनौती बन गया है। तारिक रहमान, पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे हैं। खालिदा जिया और शेख हसीना के बीच दशकों तक राजनीतिक दुश्मनी रही है।

बांग्लादेश सरकार लगातार भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग करती रही है। ढाका का तर्क है कि दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि मौजूद है और भारत को इस मांग पर कार्रवाई करनी चाहिए।

दूसरी तरफ, भारत इस मुद्दे को कानूनी प्रक्रिया के तहत देख रहा है। अब विदेश मंत्रालय के ताजा बयान ने स्पष्ट कर दिया है कि शेख हसीना यदि स्वेच्छा से लौटने का रास्ता अपनाती हैं, तो उसे प्रत्यर्पण की मांग के साथ जोड़कर नहीं देखा जाएगा।

भारत-बांग्लादेश संबंधों पर टिकी निगाहें

शेख हसीना का मामला अब केवल बांग्लादेश की घरेलू राजनीति तक सीमित नहीं रह गया है। यह भारत और बांग्लादेश के रिश्तों की भी बड़ी परीक्षा बन चुका है।

हसीना के भारत आने के बाद से ही ढाका की ओर से उनके प्रत्यर्पण का दबाव बनाया जाता रहा है। वहीं, भारत के लिए यह मामला कूटनीतिक संबंधों, द्विपक्षीय संधि और कानूनी प्रक्रियाओं के बीच संतुलन बनाने का है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या शेख हसीना 16 दिसंबर को वास्तव में बांग्लादेश लौट पाएंगी? यात्रा दस्तावेज जारी करने से इनकार और उनके खिलाफ सुनाई गई मौत की सजा के बीच उनकी वापसी का रास्ता आसान नहीं दिखता। भारत के ताजा बयान ने गेंद एक बार फिर बांग्लादेश के पाले में डाल दी है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story