दवाओं के ओवरडोज से बचाएगा 'स्मार्ट पैच'! अमेरिका के वैज्ञानिकों ने बनाई सिक्के के आकार की डिवाइस, अकेले मरीज की भी बच सकेगी जान

वर्जीनिया टेक यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने ओपिओइड ओवरडोज का खतरा पहचानकर खुद एंटीडोट देने वाला स्मार्ट वियरेबल पैच विकसित किया है।

Newstrack Network
Published on: 18 Aug 2026 8:12 PM IST (Updated on: 18 Aug 2026 8:13 PM IST)
दवाओं के ओवरडोज से बचाएगा स्मार्ट पैच! अमेरिका के वैज्ञानिकों ने बनाई सिक्के के आकार की डिवाइस, अकेले मरीज की भी बच सकेगी जान
X

Virginia: गंभीर बीमारियों के इलाज में दर्द निवारक दवाओं (ओपिओइड्स) के ओवरडोज से होने वाली मौतों को रोकने के लिए चिकित्सा विज्ञान में एक क्रांतिकारी खोज सामने आई है। अमेरिका स्थित वर्जीनिया टेक यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा स्मार्ट वियरेबल पैच तैयार किया है, जो मरीज के शरीर में दवा का ओवरडोज होते ही स्वतः उसका एंटीडोट रिलीज कर जीवन रक्षा करेगा। यह नई तकनीक विशेष रूप से उन मरीजों के लिए वरदान साबित होगी, जो ओवरडोज के समय अकेले होते हैं और समय पर मदद न मिलने के कारण दम तोड़ देते हैं।

प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका 'एडवांस्ड साइंस' में प्रकाशित इस अध्ययन का नेतृत्व वर्जीनिया टेक के बायोलॉजिकल सिस्टम्स इंजीनियरिंग विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर वुजिन सन और इंस्ट्रक्टर पेंगहुई झाओ ने किया है। शोधकर्ताओं ने इस तकनीक के पेटेंट के लिए आवेदन कर दिया है।

सिक्के से भी छोटे आकार का स्मार्ट पैच

यह डिवाइस एक सिक्के से भी छोटे आकार का स्मार्ट पैच है, जिसे त्वचा पर हाथ या किसी भी अंग पर आसानी से चिपकाया जा सकता है। इस पैच में 121 अत्यंत बारीक (माइक्रोस्कोपिक) सुइयां लगी हुई हैं, जो बिना किसी दर्द या त्वचा को नुकसान पहुंचाए त्वचा के ठीक नीचे मौजूद तरल (इंटरस्टीशियल फ्लूइड) तक पहुंच जाती हैं। पैच के भीतर सिलिका के सूक्ष्म कणों में 'नालोक्सोन' (Naloxone) नामक जीवनरक्षक दवा भरी होती है, जो ओपिओइड्स के असर को बेअसर करने वाला एंटीडोट है।

जैसे ही मरीज के शरीर में फेंटानिल (Fentanyl) जैसी तेज दर्द निवारक दवा का स्तर खतरे के निशान से ऊपर जाता है, पैच में लगे बायो-सेंसर उसे तुरंत भांप लेते हैं। शरीर में फेंटानिल की मात्रा जितनी अधिक होगी, पैच उसी अनुपात में तेजी से नालोक्सोन दवा को रक्तप्रवाह में छोड़ देगा, जिससे मरीज की सांस रुकने या बेहोश होने से पहले ही स्थिति नियंत्रण में आ जाएगी।

शोध दल के अनुसार, कैंसर और असाध्य रोगों के मरीजों को तीव्र दर्द से राहत दिलाने के लिए अक्सर फेंटानिल और अन्य ओपिओइड दवाएं दी जाती हैं, लेकिन अनजाने में या भूलवश अधिक खुराक लेने से जानलेवा ओवरडोज का खतरा बना रहता है। भारत में भी गंभीर कैंसर रोगियों के दर्द प्रबंधन के लिए फेंटानिल का नियंत्रित इस्तेमाल किया जाता है। आने वाले समय में इस स्मार्ट पैच का क्लिनिकल ट्रायल इंसानों पर शुरू होगा, जिसके सफल होने के बाद यह तकनीक वैश्विक स्तर पर लाखों मरीजों को अनजाने ओवरडोज से सुरक्षा कवच प्रदान करेगी।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story