TRENDING TAGS :
थाईलैंड में भीषण अग्निकांड, चार मंजिला इमारत में जिंदा जले 11 लोग; कई दुकानें खाक
Thailand Fire: थाईलैंड के फुकेट स्थित पटोंग में चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 11 लोगों की मौत हो गई और 16 घायल बताए जा रहे हैं।
Image Source – Social Media
Thailand Fire: थाईलैंड के मशहूर पर्यटन स्थल फुकेट में सोमवार (16 नवंबर) की सुबह भीषण हादसा हो गया। यहां पटोंग इलाके में एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 16 अन्य घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, आग सोमवार तड़के करीब 3:17 बजे लगी। जिस इमारत में आग लगी, वहां गाड़ियां किराये पर देने का कारोबार होता था। आग इतनी भीषण थी कि आसपास की कई इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे का समय लगा।
मोटरसाइकिलों के पेट्रोल की वजह से तेजी से फैली आग - रिपोर्ट
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस व्यावसायिक इमारत में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लोर पर बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। बताया गया है कि वहां 100 से अधिक मोटरसाइकिलें मौजूद थीं। इनमें मौजूद पेट्रोल, टायर और प्लास्टिक के सामान की वजह से आग तेजी से फैल गई और इमारत में धुआं भर गया। आग की लपटें आसपास की दुकानों और इमारतों तक पहुंच गईं। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, आग की चपेट में आसपास की कई व्यावसायिक इकाइयां भी आ गईं।
ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोग
हादसे के समय इमारत की ऊपरी मंजिलों पर भी लोग मौजूद थे। आग और धुएं के कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। बचाव दल ने तलाशी अभियान के दौरान इमारत के अंदर से 11 शव बरामद किए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ज्यादातर लोगों की मौत आग में झुलसने के बजाय धुएं की वजह से दम घुटने से हुई। घायलों में 15 थाई नागरिक और एक म्यांमार का नागरिक शामिल बताया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतकों और घायलों में कोई पर्यटक शामिल नहीं था।
आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस
अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में बिजली के शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। आशंका है कि पास के बिजली के खंभे से निकली चिंगारी मोटरसाइकिलों तक पहुंची और आग भड़क गई। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।दमकल विभाग और फोरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच कर रही हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के जरिए आग लगने की असली वजह पता लगाने में जुटी है।


