पहले दादा-दादी को मारी गोली…फिर स्कूल में मचाया कत्लेआम, 9वीं के छात्र ने 8 लोगों की ली जान

Thailand School Shooting: थाईलैंड में नौवीं के छात्र ने पहले दादा-दादी की गोली मारकर हत्या कर दी, फिर स्कूल पहुंचकर तीन टीचरों और तीन छात्रों समेत कुल 8 लोगों की जान ले ली। जानिए बैंकॉक के पास हुए इस दिल दहला देने वाले स्कूल शूटिंग की पूरी कहानी।

Aditya Kumar Verma
Published on: 7 Aug 2026 3:27 PM IST
Thailand School Shooting
X

Image Source- Social Media

Thailand School Shooting: थाईलैंड में आज का दिन उस वक्त खूनी शुक्रवार में बदल गया, जब नौवीं क्लास (Class 9) के एक सनकी छात्र ने कुछ ही देर में आठ लोगों की जान ले ली। इस छात्र ने न अपने परिवार पर रहम किया और न ही स्कूल में मौजूद टीचरों और दूसरे छात्रों पर। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।

थाईलैंड की नेशनल पुलिस (Thailand National Police) के मुताबिक, हमलावर छात्र ने सबसे पहले अपने दादा की 9 एमएम हैंडगन (9mm Handgun) उठाई और उसी से अपने दादा-दादी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह राजधानी बैंकॉक (Bangkok) के उत्तर में स्थित अपने स्कूल पहुंचा और वहां अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

स्कूल में तीन टीचर और तीन छात्रों की हत्या

स्कूल पहुंचने के बाद छात्र ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस हमले में तीन टीचरों और तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा कई अन्य छात्र भी इस गोलीबारी में घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि हमलावर ने अपने दादा की 9 एमएम हैंडगन का इस्तेमाल किया। उसके दादाजी खुद एक टीचर थे।

स्थानीय ब्रॉडकास्टर थाई पीबीसी (Thai PBC) के अनुसार, यह घटना डेबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल (Debsirin Nonthaburi School) में हुई।

हमलावर छात्र को लेकर अलग-अलग दावे

गोलीबारी के बाद हमलावर छात्र के साथ क्या हुआ, इसे लेकर अलग-अलग खबरें सामने आ रही हैं।

एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, कुछ स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि पुलिस ने हमलावर छात्र को गोली मार दी। वहीं कुछ अन्य रिपोर्टों में कहा गया है कि उसने खुद आत्महत्या कर ली।

वहीं एक दूसरी ओर समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर छात्र गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

थाईलैंड में बंदूकों की संख्या भी चिंता की वजह

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस इलाके में यह गोलीबारी हुई है, वहां थाईलैंड में सबसे ज्यादा लोगों के पास बंदूकें हैं। अनुमान है कि इस इलाके में करीब एक करोड़ बंदूकें मौजूद हैं। यानी लगभग हर सात लोगों पर एक बंदूक आती है।

हालांकि, देश में बंदूक कानूनों (Gun Laws) को सख्त बनाने के कई पुराने वादे किए गए, लेकिन इसके बावजूद गोलीबारी की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं।

इसी साल एक स्कूल में हुई थी गोलीबारी

इसी साल फरवरी में भी थाईलैंड के दक्षिणी हिस्से के एक स्कूल में एक किशोर ने गोलीबारी कर दी थी। बाद में थाई पुलिस ने उसे गोली मारकर गिरफ्तार किया था। उस घटना में स्कूल के प्रिंसिपल की मौत हो गई थी, जबकि दो छात्र घायल हुए थे।

2022 में हुआ था सबसे भयावह नरसंहार

साल 2022 में भी थाईलैंड एक बेहद दर्दनाक सामूहिक हत्या का गवाह बना था। उस समय बंदूक और चाकू से लैस एक पूर्व पुलिसकर्मी देश के उत्तरी इलाके की एक नर्सरी में घुस गया था। उसने वहां 24 बच्चों और 12 वयस्कों की हत्या कर दी थी।

यह घटना आज भी थाईलैंड के इतिहास के सबसे भयावह नरसंहारों में गिनी जाती है। वहीं अब नौवीं क्लास के छात्र द्वारा किए गए इस ताजा हमले ने एक बार फिर देश में स्कूलों की सुरक्षा और बंदूकों तक आसान पहुंच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story