TRENDING TAGS :
ट्रंप की हार के बाद भी टेंशन में ईरान! खामेनेई ने ईरानियों को दी चेतावनी, बोलें- अब हमला किया तो सब तबाह
अमेरिका में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद भी ईरान को अमेरिकी नीति में नरमी की उम्मीद नहीं है। ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने जनता को अमेरिका के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया है।
Iran-US Tensions: अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप को चुनावी झटका लगने के बाद भले ही वहां की राजनीति का समीकरण बदल गया हो, लेकिन ईरान की चिंता कम होती नहीं दिख रही है। अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स का नियंत्रण होने के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अपने देश के लोगों को साफ संदेश दिया है कि वे इस नतीजे को अमेरिका की ईरान नीति में नरमी के संकेत के तौर पर न देखें। उन्होंने कहा कि अमेरिका के प्रति ईरान का नजरिया पहले से ज्यादा साफ और मजबूत होना चाहिए।
मोजतबा खामेनेई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि 4 नवंबर को ईरान के लोग अपराधी अमेरिका के प्रति अपने रुख को पहले से कहीं ज्यादा साफ और मजबूती से समझते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका की दुश्मनी के पीछे की वजहों और उसके खिलाफ ईरानी जनता के मजबूत प्रतिरोध को समझना आगे का रास्ता तय करने में मदद करेगा।
अमेरिका में सत्ता का समीकरण बदला, लेकिन ईरान को भरोसा नहीं
अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में नियंत्रण हासिल कर लिया है। इसे ट्रंप के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। इस जीत के साथ डेमोक्रेट्स को ट्रंप के कार्यकाल के बाकी दो वर्षों में उनके फैसलों पर लगाम लगाने की ताकत मिल गई है।
डेमोक्रेट्स ने चुनाव प्रचार के दौरान ईरान युद्ध को भी बड़ा मुद्दा बनाया था। पार्टी के उम्मीदवारों ने ट्रंप पर आरोप लगाया कि उनके द्वारा शुरू किए गए युद्ध की वजह से अमेरिका में आर्थिक मुश्किलें बढ़ीं और आम लोगों की परेशानियां बढ़ीं। इसी मुद्दे ने मतदाताओं के बीच ट्रंप सरकार के खिलाफ नाराजगी को हवा दी।
अमेरिका ने दोबारा हमला किया तो युद्ध और फैल जाएगा: खामेनेई
ईरान के सर्वोच्च नेता ने अमेरिका को लेकर एक और कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ने दोबारा ईरान पर हमले किए तो मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध का दायरा और ज्यादा बढ़ जाएगा।
खामेनेई ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस तरह की आक्रामक कार्रवाई दोहराई गई तो युद्ध का विस्तार पहले से कहीं ज्यादा होगा। उनके इस बयान से साफ है कि अमेरिकी चुनाव में ट्रंप को लगे झटके के बावजूद ईरान अपनी सुरक्षा और अमेरिका के साथ तनाव को लेकर सतर्क है।
मार्च में पद संभालने के बाद से सार्वजनिक रूप से नहीं आए नजर
मोजतबा खामेनेई ने मार्च में ईरान के सर्वोच्च नेता का पद संभाला था। हालांकि, पद संभालने के बाद से वह अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। इसके बावजूद सोशल मीडिया के जरिए उनके बयान सामने आते रहे हैं।
दूसरी ओर, अमेरिकी चुनाव में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने भी नरम रुख दिखाया है। द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि वह चुनावी नतीजों को पूरी तरह स्वीकार करने के लिए तैयार हैं और डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम कर सकते हैं।
इस तरह अमेरिका में सत्ता के समीकरण में बदलाव के बावजूद ईरान ने अपनी तरफ से साफ कर दिया है कि वह अमेरिकी नीति में तत्काल किसी बदलाव की उम्मीद नहीं कर रहा है।


