TRENDING TAGS :
ईरान की बर्बादी पर तुले नेतन्याहू! चिल्ला-चिल्लाकर ट्रंप से खूब हुई लड़ाई, पागल तक कह दिया
ईरान की बर्बादी पर तुले नेतन्याहू! चिल्ला-चिल्लाकर ट्रंप से खूब हुई लड़ाई...See More
Israel-US-Iran Conflict: ईरान को लेकर अमेरिका और इजरायल के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू चाहते हैं कि ईरान पर फिर से सैन्य हमले शुरू किए जाएं, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फिलहाल बातचीत और आर्थिक दबाव के जरिए मामला सुलझाना चाहते हैं। इसी मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच फोन पर तीखी बहस होने की खबर सामने आई है।
इजरायली न्यूज वेबसाइट Ynet News की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वीकेंड पर हुई बातचीत के दौरान ट्रंप और नेतन्याहू के बीच जमकर कहासुनी हुई। रिपोर्ट में इस बातचीत को 'शाउटिंग मैच फ्रॉम हेल' यानी बेहद तीखी और तनावपूर्ण बहस बताया गया है। हालांकि, नेतन्याहू के कार्यालय ने इस दावे को खारिज करते हुए इसे फेक न्यूज और पूरी तरह बकवास बताया है। इजरायल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बातचीत होने की पुष्टि की, लेकिन कहा कि यह बिल्कुल भी मुश्किल या तनावपूर्ण बातचीत नहीं थी।
पहले भी ट्रंप और नेतन्याहू के बीच हो चुकी है तीखी बहस
ट्रंप और नेतन्याहू के बीच ईरान युद्ध को लेकर मतभेद पहले भी सामने आ चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जून में दोनों नेताओं के बीच कई बार असहमति हुई थी। इसी दौरान ट्रंप ने एक बातचीत में नेतन्याहू को 'फ***इंग क्रेजी' यानी पागल तक कह दिया था। अब एक बार फिर ईरान पर हमले शुरू करने के मुद्दे ने दोनों नेताओं के बीच दूरी बढ़ा दी है। नेतन्याहू लगातार चाहते हैं कि अमेरिका ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करे, जबकि ट्रंप इस समय युद्ध को दोबारा शुरू करने के पक्ष में नहीं दिख रहे हैं।
नेतन्याहू बोले- ईरान के मौजूदा शासन को हटाना ही स्थायी समाधान
मंगलवार को इजरायल की 26वीं संसद (नेसेट) के शपथ ग्रहण समारोह में नेतन्याहू ने ईरान को लेकर सख्त रुख दिखाया। उन्होंने दावा किया कि ईरान अपनी परमाणु क्षमताओं को दोबारा मजबूत करने में जुटा है। नेतन्याहू ने कहा कि इस खतरे को हमेशा के लिए खत्म करने का एकमात्र रास्ता अयातुल्ला के शासन को सत्ता से हटाना है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि इजरायल को जल्द ही अंतरराष्ट्रीय दबाव का सामना करना पड़ सकता है। उनके मुताबिक, दुनिया इजरायल पर परमाणु हथियारों से लैस ईरान को स्वीकार करने और गाजा, लेबनान, सीरिया तथा वेस्ट बैंक में हालिया सैन्य बढ़त छोड़ने का दबाव बना सकती है।
ट्रंप पर रोज फोन कर रहे नेतन्याहू?
फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नेतन्याहू ट्रंप को लगभग हर दिन फोन कर ईरान पर दोबारा हमले शुरू करने के लिए कह रहे हैं। रिपोर्ट में बातचीत से जुड़े एक व्यक्ति के हवाले से कहा गया है कि नेतन्याहू लगातार युद्ध दोबारा शुरू करने की पैरवी कर रहे हैं। वहीं, व्हाइट हाउस के अंदर और बाहर कुछ लोग ट्रंप को युद्ध में दोबारा शामिल होने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, क्षेत्र के कई नेता भी ट्रंप से तनाव बढ़ाने के बजाय बातचीत को प्राथमिकता देने की अपील कर रहे हैं। अरब और मुस्लिम देशों के नेताओं के बीच भी नेतन्याहू की इस कोशिश को लेकर चिंता बताई गई है। उन्हें आशंका है कि ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है।
ट्रंप का फिलहाल युद्ध शुरू करने का इरादा नहीं
नेतन्याहू की लगातार कोशिशों के बावजूद ट्रंप फिलहाल ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई करने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। वह बातचीत और आर्थिक प्रतिबंधों के जरिए ईरान पर दबाव बनाए रखना चाहते हैं, ताकि तेहरान को अपनी शर्तों पर बातचीत के लिए तैयार किया जा सके।
रविवार को '60 मिनट्स' कार्यक्रम में जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह ईरान के खिलाफ फिर से युद्ध शुरू करेंगे, तो उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा करने की कोई वजह नहीं दिखती। इससे साफ है कि ईरान को लेकर दोनों नेताओं की रणनीति अलग-अलग है। नेतन्याहू सैन्य कार्रवाई और ईरान में सत्ता परिवर्तन चाहते हैं, जबकि ट्रंप फिलहाल कूटनीतिक बातचीत और आर्थिक दबाव के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहते हैं। हालांकि, वीकेंड पर हुई फोन कॉल में तीखी बहस के दावे को इजरायल ने साफ तौर पर खारिज किया है।


