TRENDING TAGS :
'अमेरिका-चीन रखें ध्यान, इंसान से बड़ा न हो जाए AI', व्हाइट हाउस में भरी सभा में बोले शी जिनपिंग, देखते रह गए ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने व्हाइट हाउस में मुलाकात की, जिसमें AI, व्यापार, तकनीक और ताइवान समेत कई मुद्दों पर चर्चा होनी है।
Xi Jinping On AI: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई। शी जिनपिंग एक दशक से ज्यादा समय बाद पहली बार वॉशिंगटन पहुंचे हैं। दोनों नेताओं के बीच व्हाइट हाउस में द्विपक्षीय बातचीत होनी है। इसके बाद शाम को व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में स्टेट डिनर का आयोजन किया जाएगा।
शी जिनपिंग की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, तकनीक, ताइवान और ईरान में चल रहे युद्ध को लेकर तनाव बना हुआ है।
AI को लेकर शी जिनपिंग ने कही बड़ी बात
बैठक की शुरुआत में शी जिनपिंग ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को लेकर अपना रुख सामने रखा। उन्होंने कहा कि AI को इंसानों के नियंत्रण में रहना चाहिए और इसका इस्तेमाल लोगों के फायदे के लिए किया जाना चाहिए।
व्हाइट हाउस के ग्रैंड फोयर में ट्रंप के साथ मौजूद शी जिनपिंग ने कहा कि चीन और अमेरिका दोनों AI के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देश हैं। इसलिए AI के विकास और उसके इस्तेमाल को लेकर दोनों देशों की विशेष जिम्मेदारी है। शी जिनपिंग ने कहा, 'चीन और अमेरिका दोनों आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में अग्रणी देश हैं।'
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के पास AI को अच्छे उद्देश्य के लिए विकसित और नियंत्रित करने की क्षमता और जिम्मेदारी है। साथ ही यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि AI का विकास हमेशा इंसानों के नियंत्रण में रहे और लोगों के कल्याण के लिए काम करे।
ट्रंप और शी के बीच इन मुद्दों पर होगी बातचीत
दोनों नेताओं के बीच गुरुवार दोपहर द्विपक्षीय बैठक होनी है। इसके बाद शाम को स्टेट डिनर होगा। बैठक में AI के साथ व्यापार और अमेरिका-चीन संबंधों से जुड़े दूसरे मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। दोनों देशों के बीच ताइवान, तकनीक और ईरान में युद्ध को लेकर भी बातचीत हो सकती है।
ट्रंप ने कहा कि इस यात्रा के दौरान सुरक्षा, तकनीक और सुपर इंटेलिजेंस से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में आज लिए जाने वाले फैसले आने वाले कई दशकों तक शांति और समृद्धि को बढ़ावा दे सकते हैं।
शी ने अमेरिका-चीन कॉम्पिटिशन को लेकर क्या कहा?
शी जिनपिंग ने अमेरिका और चीन के बीच व्यापक कॉम्पिटिशन को सीमित रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच हेल्दी कॉम्पिटिशन होनी चाहिए और इसे एक सीमा के अंदर रखा जाना चाहिए। चीन के राष्ट्रपति ने अवैध ड्रग्स से निपटने के लिए अमेरिका के साथ सहयोग बढ़ाने की इच्छा भी जताई। इसके अलावा उन्होंने दोनों देशों की सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत बताई।
एक दशक बाद वॉशिंगटन पहुंचे शी जिनपिंग
शी जिनपिंग एक दशक से ज्यादा समय बाद वॉशिंगटन पहुंचे हैं। इस साल ट्रंप और शी जिनपिंग की यह दूसरी मुलाकात है। इससे एक दिन पहले बुधवार को ट्रंप ने ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर शी जिनपिंग का भव्य समारोह के साथ स्वागत किया था।
दोनों नेताओं की बैठक से कुछ समझौतों की उम्मीद की जा रही है। इनमें अमेरिका और चीन के बीच व्यापार को लेकर चल रहे अस्थायी समझौते को आगे बढ़ाना भी शामिल है। अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट के मुताबिक, टैरिफ विवाद में मौजूदा रोक को 10 जनवरी तक बढ़ाया गया है।


