TRENDING TAGS :
अचानक टूटी क्रेन और स्टील प्लांट में भयानक विस्फोट! तुर्किये में 3 की दर्दनाक मौत, कई जिंदगी दांव पर
तुर्किये के इजमिर प्रांत में स्थित हबास स्टील प्लांट में सोमवार दोपहर जोरदार धमाका हुआ।
Turkey: तुर्किये के पश्चिमी इलाके में सोमवार को एक स्टील और आयरन बनाने वाले प्लांट में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा 10 लोग अभी लापता हैं और उनके मलबे में दबे होने की आशंका है। हादसा इजमिर प्रांत के तटीय इलाके अलीआगा में स्थित हबास आयरन एंड स्टील प्लांट में हुआ। धमाके के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और आसपास धूल का घना गुबार दिखाई देने लगा।
दोपहर के समय हुआ जोरदार धमाका
स्थानीय गवर्नर कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे प्लांट में विस्फोट हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि लिक्विड स्टील की ढलाई के दौरान एक सीलिंग क्रेन टूटकर नीचे गिर गई। बताया जा रहा है कि क्रेन सीधे आर्क फर्नेस में जा गिरी, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ।
14 लोग घायल, तीन की हालत गंभीर
हादसे में घायल हुए 14 लोगों को इलाज के लिए आसपास के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय टीवी चैनलों पर प्रसारित वीडियो में प्लांट के ऊपर धूसर रंग की धूल का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया।
मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
धमाके के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। फिलहाल मलबे में फंसे 10 लोगों को बाहर निकालने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन के मुताबिक, शुरुआती जांच में क्रेन टूटने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, घटना के सही कारणों और नुकसान का पूरा आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा।


