TRENDING TAGS :
यूक्रेन में रूसी हमले से मची तबाही, 40 लोगों की मौत; 30 से ज्यादा मलबे में दबे, इजरायल ने जताया दुख
यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र में रूसी हमले से भारी तबाही हुई। स्कूल पर बमबारी में 40 लोगों की मौत और 30 से ज्यादा लापता। इजरायल ने हमले की निंदा कर दुख जताया।
Ukraine Russia Attack: यूक्रेन में रूस के एक भीषण हवाई हमले ने भारी तबाही मचाई है। दक्षिण-पूर्वी यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र के कोमिशुवाखा में एक स्कूल पर रूसी बमबारी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है। 30 से ज्यादा लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। इस हमले पर इजरायल ने गहरा दुख जताते हुए रूस की कार्रवाई की निंदा की है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने 4 नवंबर को हमले में 40 लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने इस हमले को 'पागलपन भरा हमला' बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय की प्रतिक्रिया को बेहद कमजोर बताया। जेलेंस्की ने कहा कि रूस के हमलों के बीच बचाव अभियान चलाना बेहद मुश्किल हो रहा है। राहत और बचाव दल लगातार मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन दोबारा रूसी हमलों का खतरा भी बना हुआ है।
इजरायल ने रूस के हमले की कड़ी निंदा की
इजरायल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर कहा कि यूक्रेन के कोमिशुवाखा में 40 लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। जिस स्थान को निशाना बनाया गया, वहां स्कूल के भूमिगत हिस्से में मानवीय सहायता का वितरण किया जा रहा था। मंत्रालय ने हमले की निंदा करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मानवीय सहायता लेने पहुंचे लोगों पर बरसे बम
रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने 2 नवंबर को जापोरिज्जिया क्षेत्र के कोमिशुवाखा में एक स्कूल और उसके भूमिगत शेल्टर को निशाना बनाया था। यहां युद्ध प्रभावित स्थानीय लोगों को हर सोमवार मानवीय सहायता बांटी जाती थी। जेलेंस्की के मुताबिक, रूसी सेना ने पहले सहायता लेने पहुंचे लोगों पर हवाई बम गिराए और इसके बाद मौके पर पहुंचे बचावकर्मियों और पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाया।
यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में बचाव दल के दो सदस्य और पुलिस के चार जवान भी मारे गए हैं। रूसी सेना ने इस इलाके में यूक्रेनी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। हालांकि, यूक्रेन का कहना है कि हमले की चपेट में आम नागरिक आए।
कीव में भी रूसी ड्रोन हमले, बिजली-पानी की सप्लाई प्रभावित
यूक्रेन पर रूस के हमले लगातार जारी हैं। 4 नवंबर की रात रूस ने 310 ड्रोन से हमला किया। यूक्रेनी वायुसेना के मुताबिक, इनमें से 272 ड्रोन को मार गिराया गया या इलेक्ट्रॉनिक तरीके से निष्क्रिय किया गया। हमलों के कारण राजधानी कीव और आसपास के इलाकों में कई घंटों तक बिजली और पानी की सप्लाई बाधित रही। ओडेसा में एक शॉपिंग सेंटर में आग लगने और रिव्ने में एक व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है।
10-11 नवंबर को यूक्रेन-रूस के बीच शांति वार्ता
इस बीच, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म कराने की कोशिशें भी जारी हैं। अमेरिका की मध्यस्थता में दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों की 10 और 11 नवंबर को अबू धाबी में मुलाकात प्रस्तावित है। बातचीत में युद्ध समाप्त करने, सुरक्षा व्यवस्था और तनाव कम करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
यूरोपीय संघ, अमेरिका, नाटो और विश्व बैंक के प्रतिनिधियों ने भी ब्रसेल्स में यूक्रेन के पुनर्निर्माण और युद्ध के बाद की आर्थिक स्थिति पर चर्चा की है। ऐसे में शांति वार्ता से पहले रूस के इस भीषण हमले ने अंतरराष्ट्रीय दबाव और कूटनीतिक प्रयासों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


