Venezuela Earthquake के 3 दिन बाद भी तबाही जारी, 1430 पहुंचा मौतों का आंकड़ा, हजारों लोग अब भी लापता

Venezuela Earthquake: वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद मौतों का आंकड़ा 1,430 पहुंच गया है, जबकि 68,900 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। ला गुआइरा में राहत और बचाव अभियान जारी है, लेकिन सरकारी तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं।

Aditya Kumar Verma
Published on: 28 Jun 2026 7:31 AM IST
Venezuela Earthquake
X

Image Source- Social Media

Venezuela Earthquake: वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार इस भीषण आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,430 हो गई है। यहां भूकंप के तीन दिन बाद भी राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। बचाव दल लगातार मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हुए हैं, जबकि हजारों परिवार अब भी अपने लापता परिजनों की तलाश कर रहे हैं।

7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप ने मचाई तबाही

रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां तीन दिन पहले आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने इस दक्षिण अमेरिकी देश में भारी तबाही मचा दी थी। इन भूकंपों के झटकों ने कई इलाकों में बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया और देखते ही देखते हजारों परिवार प्रभावित हो गए।

यहां शनिवार सुबह तक परिवारों की ओर से कम से कम 68,900 लोगों के लापता होने की जानकारी दी गई है। इस आंकड़े ने आपदा की भयावहता को और अधिक स्पष्ट कर दिया है।

ला गुआइरा में सबसे ज्यादा तबाही

वहीं सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में शामिल ला गुआइरा (La Guaira) में तबाही का मंजर बेहद दर्दनाक बना हुआ है। यहां लोग अपने परिजनों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों की तलाश में गिरे हुए कंक्रीट के ढेरों के बीच जिंदगी की उम्मीद खोज रहे हैं।

कई लोग फावड़ों, भारी मशीनों, रस्सियों और यहां तक कि अपने नंगे हाथों से भी मलबा हटाते दिखाई दे रहे हैं। हर गुजरते घंटे के साथ जीवित लोगों के मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है, लेकिन परिवार अब भी अपने प्रियजनों को खोजने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

आम नागरिकों ने संभाला मोर्चा

यहां राहत और बचाव अभियान (Rescue Operation) में बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हैं। स्थानीय लोग अपने स्तर पर खोज अभियान चला रहे हैं और मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

वहीं दूसरी ओर, वेनेजुएला सरकार की राहत व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सेना (Army), दमकल विभाग (Fire Department), पुलिस (Police) और सैन्य कैडेट (Military Cadets) इस बड़े हादसे से निपटने के लिए पर्याप्त रूप से तैयार नहीं थे।

लोगों का आरोप है कि आपदा के शुरुआती घंटों में राहत और बचाव कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो सका, जिसका असर प्रभावित लोगों तक समय पर मदद पहुंचाने में देखने को मिला।

लापता लोगों की तलाश जारी

वहीं भूकंप के तीन दिन बाद भी हजारों परिवार अपने लापता परिजनों की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। कई इलाकों में मलबा हटाने का काम अभी भी जारी है और बचाव दल लगातार संभावित जीवित लोगों की तलाश में अभियान चला रहे हैं। वेनेजुएला में आई इस त्रासदी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है और अब लोगों की निगाहें राहत एवं पुनर्वास कार्यों पर टिकी हुई हैं।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story