TRENDING TAGS :
वियतनाम में बड़ा हादसा! 32 भारतीय पर्यटकों की नाव पलटी, 15 की मौत से मचा हड़कंप
Vietnam boat accident: वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास 32 भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव समुद्र में पलट गई। हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। भारतीय दूतावास ने हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में इमरजेंसी कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं।
Vietnam boat Accident: वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया। भारतीय पर्यटकों समेत कुल 36 लोगों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट अचानक समुद्र में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, नाव में 32 भारतीय पर्यटक, तीन क्रू सदस्य और एक अन्य कर्मचारी सवार थे। हादसे के बाद सभी लोगों को समुद्र से बाहर निकालने का अभियान चलाया गया।
15 लोगों की मौत, 21 को सुरक्षित बचाया गया
वियतनाम बॉर्डर गार्ड्स और बचाव दल ने सभी 36 लोगों को समुद्र से बाहर निकाल लिया। अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में 21 लोगों की जान बचा ली गई, जबकि 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 13 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने मृतकों की पहचान और उनके परिवारों को सूचना देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
तकनीकी खराबी बताई जा रही वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह स्पीडबोट होन मे रूट से एन थोई पोर्ट की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह समुद्र में पलट गई। हालांकि, प्रशासन ने कहा है कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
भारतीय दूतावास ने शुरू की मदद
हादसे की सूचना मिलते ही वियतनाम में भारतीय दूतावास सक्रिय हो गया। प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में विशेष इमरजेंसी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। भारतीय अधिकारी स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं और घटनास्थल की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। भारतीय राजदूत के भी प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने की तैयारी की जानकारी सामने आई है।
जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर, परिजनों की सुविधा के लिए भारतीय दूतावास ने 24 घंटे सक्रिय हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
हो ची मिन्ह सिटी कंट्रोल रूम:
+84 36 281 7930
+84 91 552 3714
+84 33 452 0414
हनोई कंट्रोल रूम:
+84 91 308 9165
इन नंबरों पर संपर्क कर प्रभावित परिवार हादसे से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जांच जारी, प्रशासन की अपील
वियतनाम प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल राहत और बचाव अभियान पूरा किया जा चुका है और घायलों के इलाज के साथ मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। भारतीय दूतावास ने भी भरोसा दिलाया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


