TRENDING TAGS :
अमेरिका के वॉशिंगटन में ताबड़तोड़ फायरिंग! कुछ ही दूरी पर ट्रंप का व्हाइट हाउस, 5 को लगी गोलियां, साजिश के पीछे कौन?
Washington Shooting : अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस से करीब एक मील दूर लॉगन सर्कल में गोलीबारी की घटना सामने आई है। इससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
Image Source – Social Media
Washington Shooting : अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में गुरुवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। व्हाइट हाउस से करीब एक मील दूर स्थित लॉगन सर्कल इलाके में एक हमलावर ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस घटना में कम से कम पांच लोगों को गोली लगने की जानकारी सामने आई है, जिसमें से एक की मौत हो गई है।
जिम में घुसकर की फायरिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलीबारी की घटना नॉर्थवेस्ट वॉशिंगटन के लॉगन सर्कल इलाके में हुई। यह जगह व्हाइट हाउस से लगभग एक मील उत्तर में स्थित है। रिपोर्ट्स के अनुसार, गोलीबारी की घटना 15th और P Street NW के आसपास हुई। इस इलाके में VIDA Fitness नाम का एक जिम भी मौजूद है। शुरुआती जानकारी में जिम के भीतर भी गोलीबारी होने की बात सामने आई है। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पुलिस ने लोगों को इलाके से दूर रहने की दी सलाह
गोलीबारी के बाद वॉशिंगटन पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को अलर्ट जारी किया। पुलिस ने 15th और P Street NW के आसपास के इलाके में सक्रिय गोलीबारी की सूचना देते हुए लोगों से वहां नहीं जाने की अपील की। पुलिस ने 1500 ब्लॉक ऑफ 15th स्ट्रीट के आसपास के इलाके को घेर लिया। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और सुरक्षा अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया। आसपास के कुछ स्कूलों में भी एहतियातन लॉकडाउन लगा दिया गया।
FBI और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी मौके पर पहुंचीं
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ संघीय एजेंसियों ने भी मोर्चा संभाला। ATF के एजेंट और FBI के जांचकर्ता घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह और हमलावर के मकसद को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की जांच जारी है।
व्हाइट हाउस से कितनी दूर हुई घटना?
इस घटना की सबसे अहम बात यह है कि गोलीबारी व्हाइट हाउस के बेहद नजदीकी इलाके में हुई। लॉगन सर्कल, व्हाइट हाउस से लगभग एक मील यानी करीब 1.6 किलोमीटर दूर है। हालांकि, गोलीबारी सीधे व्हाइट हाउस परिसर में नहीं हुई है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।


