TRENDING TAGS :
PM Narendra Modi: पीएम मोदी ने रचा इतिहास, नाइजीरिया के राष्ट्रपति और अमेरिकी राजदूत ने दी बधाई
PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनुबू समेत कई वैश्विक नेताओं ने बधाई दी।
PM Narendra Modi
PM Narendra Modi: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर दुनिया के कई शीर्ष नेताओं से बधाइयां मिल रही हैं। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जिओ गौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी को बधाई दी तो वहीं नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने भी शुभकामनाएं दी हैं।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दी बधाई
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने पोस्ट किया, "भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई। यह उपलब्धि दशकों की उनकी समर्पित जन-सेवा और नेतृत्व का एक सशक्त प्रमाण है! उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"
नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
इसी तरह, नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने भी एक्स पर पोस्ट कर पीएम मोदी को इस ऐतिहासिक मील के पत्थर पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय जनता के उनके नेतृत्व में लगातार तीन जनादेशों के माध्यम से जताए गए भरोसे को दर्शाती है।
जनता के विश्वास का प्रतीक है यह रिकॉर्ड
टिनुबू ने अपने संदेश में लिखा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देता हूं। यह शानदार उपलब्धि उस अटूट भरोसे और विश्वास को दर्शाती है जो भारत की जनता ने लगातार तीन कार्यकालों में उनके नेतृत्व पर जताया है। जन-सेवा के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्रीय विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और वैश्विक मंच पर उनका प्रभावशाली नेतृत्व दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरित करता रहता है।
पीएम मोदी को बताया अपना करीबी मित्र
उन्होंने आगे लिखा कि नाइजीरिया के एक अच्छे दोस्त होने के अलावा, प्रधानमंत्री मोदी मेरे व्यक्तिगत मित्र और भरोसेमंद सहयोगी भी हैं, जिन पर मैं हमेशा भरोसा कर सकता हूं। इतने वर्षों में, मैंने उनकी समझदारी, साहस और अपने देश की प्रगति और समृद्धि के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की गहराई से सराहना की है।
भारत-नाइजीरिया संबंधों को मजबूत करने में निभाई अहम भूमिका
नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने आगे लिखा कि नाइजीरिया के राष्ट्रीय सम्मान 'ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर' के एक प्रतिष्ठित प्राप्तकर्ता के रूप में, उन्होंने हमारे दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग के संबंधों को मजबूत करने में भी बहुत बड़ा योगदान दिया है। नाइजीरिया की सरकार और जनता की ओर से, मैं प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, समझदारी और सफलता की कामना करता हूं, ताकि वे भारत को और भी ऊंचाइयों तक ले जा सकें।


