World’s Top Performing Banks 2026:सिंगापुर के बैंकों का दबदबा, अमेरिका-यूरोप पीछे... टॉप-3 में भारत का कौन?

World’s Top Performing Banks 2026: Forbes-Statista की नई रैंकिंग में HDFC Bank तीसरे स्थान पर है। OCBC और DBS ने पहले दो स्थान हासिल किए। जानें पूरी टॉप-10 सूची।

Jyotsana Singh
Published on: 15 Sept 2026 12:24 PM IST (Updated on: 15 Sept 2026 12:25 PM IST)
World’s Top Performing Banks 2026: HDFC Bank Ranks 3rd Globally
X

World’s Top Performing Banks 2026: HDFC Bank Ranks 3rd Globally

World’s Best Banks 2026: अगर आपका खाता HDFC Bank में है, तो आपके लिए यह खबर वाकई गर्व करने वाली है। असल में दुनिया के बैंकिंग सेक्टर में भारत ने इस साल बड़ी उपलब्धि हासिल की है। Forbes और Statista की 2026 की वैश्विक बैंक रैंकिंग में HDFC Bank ने तीसरा स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि टॉप-3 में सिंगापुर के दो बैंक शामिल हैं। OCBC Bank ने पहला और DCB ने दूसरा स्थान हासिल किया। यह रैंकिंग 89 देशों के 500 बैंकों के प्रदर्शन के आकलन के बाद तैयार की गई है।

Forbes-Statista ने पहली बार जारी की प्रदर्शन आधारित रैंकिंग

Forbes ने बाजार अनुसंधान कंपनी Statista के साथ मिलकर यह रैंकिंग तैयार की है। रिपोर्ट में बैंकों का मूल्यांकन केवल उनकी लोकप्रियता या बाजार पूंजी के आधार पर नहीं किया गया, बल्कि उनके वास्तविक वित्तीय प्रदर्शन को केंद्र में रखा गया है।

इसके लिए S&P Capital IQ जैसे डेटा प्लेटफॉर्म, डेस्क रिसर्च और बैंकों की ओर से उपलब्ध कराई गई वित्तीय जानकारी का इस्तेमाल किया गया। इस वजह से रैंकिंग में बैंक की कमाई, वित्तीय मजबूती, संपत्तियों की गुणवत्ता और ग्रोथ जैसे पहलुओं को एक साथ देखा गया।

चार पैमानों पर तय हुई बैंकों की रैंकिंग

बैंकों का अंतिम स्कोर चार प्रमुख वित्तीय मानकों के आधार पर तैयार किया गया। इसमें लाभप्रदता को 30 प्रतिशत, पूंजी और फंडिंग की मजबूती को 25 प्रतिशत, परिसंपत्ति की गुणवत्ता और दक्षता को 25 प्रतिशत और ग्रोथ तथा आय की गुणवत्ता को 20 प्रतिशत वेटेज दिया गया।

इस तरीके से केवल बड़ा बैंक होना पर्याप्त नहीं था। बैंक की कमाई कितनी मजबूत है, उसकी पूंजी कितनी सुरक्षित है और उसकी संपत्तियों की गुणवत्ता कैसी है, इन सभी बातों का असर अंतिम रैंक पर पड़ा।

संपत्ति के आकार के हिसाब से छह श्रेणियों में बांटे गए बैंक

निष्पक्ष तुलना के लिए योग्य बैंकों को उनकी कुल संपत्ति के आधार पर छह अलग-अलग श्रेणियों में रखा गया। सबसे बड़ी श्रेणी में 500 अरब डॉलर से अधिक संपत्ति वाले वैश्विक बैंक शामिल किए गए। इसके बाद 100 से 500 अरब डॉलर, 50 से 100 अरब डॉलर, 20 से 50 अरब डॉलर, 10 से 20 अरब डॉलर और 3 से 10 अरब डॉलर की संपत्ति वाले बैंक अलग-अलग समूहों में रखे गए। रैंकिंग में शामिल होने के लिए बैंक के पास कम से कम 3 अरब डॉलर की संपत्ति और लगातार तीन साल का वित्तीय डेटा होना जरूरी था।

OCBC सबसे आगे, DCB दूसरे नंबर पर

2026 की सूची में सिंगापुर के OCBC Bank ने पहला स्थान हासिल किया। बैंक की कुल संपत्ति करीब 525 अरब डॉलर बताई गई है। वहीं सिंगापुर के DCB ने दूसरा स्थान हासिल किया। इसके बाद भारत का HDFC Bank करीब 518 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यह टॉप-10 में शामिल एकमात्र भारतीय बैंक है। HDFC Bank की यह रैंकिंग भारतीय बैंकिंग सेक्टर के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि सूची में दुनिया की कई बड़ी वैश्विक बैंकिंग कंपनियां शामिल हैं।

ये हैं दुनिया के टॉप 10 बैंक

2026 की Forbes-Statista रैंकिंग में शीर्ष 10 स्थान पाने वाले बैंकों की सूची इस प्रकार है-

1. OCBC Bank – सिंगापुर

2. DCB – सिंगापुर

3. HDFC Bank – भारत

4. China Merchants Bank – चीन

5. JPMorgan Chase – अमेरिका

6. Nordea Bank – नॉर्डिक क्षेत्र

7. Wells Fargo – अमेरिका

8. UniCredit – यूरोप

9. PNC Financial Services – अमेरिका

10. Rabobank – नीदरलैंड्स

इस सूची में अमेरिकी और यूरोपीय बैंकों की मजबूत मौजूदगी के साथ एशियाई बैंकों का प्रदर्शन भी खास तौर पर सामने आया है।

HDFC Bank की तीसरी रैंक क्यों है अहम?

HDFC Bank का तीसरे स्थान पर पहुंचना भारतीय बैंकिंग उद्योग के लिए बड़ा संकेत माना जा सकता है। बैंक की करीब 518 अरब डॉलर की संपत्ति इसे दुनिया के बड़े वित्तीय संस्थानों में शामिल करती है।

इस रैंकिंग का महत्व केवल आकार तक सीमित नहीं है। Forbes-Statista ने लाभप्रदता, पूंजी की मजबूती, परिसंपत्ति की गुणवत्ता और आय की ग्रोथ जैसे कई पैमानों को मिलाकर प्रदर्शन का आकलन किया है। ऐसे में HDFC Bank का टॉप-3 में होना भारतीय बैंकिंग सेक्टर की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति को भी दर्शाता है।

89 देशों के 500 बैंकों का हुआ मूल्यांकन

Forbes-Statista की इस पहली प्रदर्शन आधारित वैश्विक रैंकिंग में 89 देशों के 500 बैंकों को शामिल किया गया। पात्र बैंकों के लिए ऑडिटेड वित्तीय विवरण और पर्याप्त वित्तीय इतिहास जैसी शर्तें भी रखी गई थीं।

यानी सूची में जगह केवल बैंक के आकार या ब्रांड वैल्यू के आधार पर नहीं मिली। वित्तीय प्रदर्शन और मजबूती को प्रमुख आधार बनाया गया। यही वजह है कि 2026 की इस रैंकिंग में HDFC Bank का तीसरे स्थान पर रहना भारत के लिए खास उपलब्धि बनकर सामने आया है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story