TRENDING TAGS :
समुद्री लुटेरों के कब्जे में 22 भारतीय, यमन-सोमालिया में दो जहाज हुआ हाईजैक, US-ईरान युद्ध के बीच ऐसी हिमाकत
यमन और सोमालिया के पास दो अलग-अलग घटनाओं में हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने दो व्यावसायिक जहाजों को कब्जे में ले लिया। दोनों जहाजों पर कुल 22 भारतीय समेत 30 क्रू सदस्य सवार थे।
Yemen-Somalia Ship Hijacking: यमन और सोमालिया के समुद्री इलाकों से भारत के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। दो अलग-अलग घटनाओं में हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने दो व्यावसायिक जहाजों को अपने कब्जे में ले लिया। इन दोनों जहाजों पर कुल 22 भारतीय नागरिक सवार थे। राहत की बात यह है कि सभी भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
यह जानकारी शुक्रवार को शिपिंग मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। अधिकारी के मुताबिक, दोनों घटनाएं कुछ दिनों के अंतराल में हुईं और दोनों जहाजों पर सवार क्रू को समुद्री लुटेरों ने अपने कब्जे में ले लिया है।
सोमालिया के पास पहले जहाज को बनाया निशाना
पहली घटना 17 अगस्त को सोमालिया के पंटलैंड तट के पास हुई। यहां कैमरून के झंडे वाला M/V LUTUF नाम का जहाज समुद्री लुटेरों के कब्जे में चला गया। इस जहाज पर कुल 10 क्रू सदस्य थे, जिनमें 6 भारतीय नागरिक शामिल हैं। अधिकारी के मुताबिक, हथियारों से लैस करीब 8 समुद्री लुटेरे दो छोटी नावों यानी स्किफ में सवार होकर जहाज तक पहुंचे थे।
लुटेरों के जहाज पर चढ़ने के बाद क्रू के सदस्यों ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए जहाज के एक सुरक्षित हिस्से में जाने की कोशिश की। इसे 'सिटाडेल' कहा जाता है। हालांकि, समुद्री लुटेरे वहां भी पहुंच गए और बाद में सभी क्रू सदस्यों को जहाज के ब्रिज पर ले आए। अधिकारी ने बताया कि फिलहाल जहाज समुद्री लुटेरों के नियंत्रण में है। अभी तक किसी क्रू सदस्य के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है।
यमन के पास दूसरे जहाज का अपहरण
दूसरी घटना 20 अगस्त को यमन के तट के पास अदन की खाड़ी में हुई। यहां समुद्री लुटेरों ने M.T. Sibu 1 नाम के तेल उत्पाद ले जाने वाले टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया। यह जहाज इरिट्रिया के झंडे के तहत चल रहा था। जहाज पर कुल 20 क्रू सदस्य मौजूद थे, जिनमें 16 भारतीय शामिल हैं।
अधिकारी के अनुसार, करीब 6 हथियारबंद समुद्री लुटेरे जहाज पर सवार हुए और उन्होंने उसका नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक जहाज पर मौजूद सभी भारतीय सुरक्षित हैं।
22 भारतीयों की सुरक्षा पर नजर
दोनों घटनाओं को मिलाकर कुल 22 भारतीय क्रू सदस्य समुद्री लुटेरों के कब्जे में आए जहाजों पर मौजूद हैं। हालांकि अभी तक किसी भारतीय के घायल होने की खबर नहीं है।
दोनों घटनाएं ऐसे समय में सामने आई हैं जब लाल सागर, अदन की खाड़ी और आसपास के समुद्री रास्तों पर सुरक्षा को लेकर पहले से चिंता बनी हुई है। यह इलाका अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और यहां से बड़ी संख्या में मालवाहक और तेल से जुड़े जहाज गुजरते हैं।


