क्या आपको भी दिवाली से पहले मिल रहे हैं ये संकेत? तो अब सितारों से नहीं मां लक्ष्मी के आगमन से जगमगाएगा घर

Diwali Vastu Tips: दीवाली से पहले कुछ संकेत और सपने मां लक्ष्मी के आगमन का शुभ संकेत माने जाते हैं। ये सुख-समृद्धि और धन प्राप्ति का संदेश देते हैं।

Update:2025-10-14 13:42 IST

Diwali Vastu Tips

Diwali Vastu Tips: हर साल कार्तिक अमावस्या के दिन दीपावली का पर्व पूरे देश में उत्साह और श्रद्धा से मनाया जाता है। यह पर्व न सिर्फ रोशनी और सजावट का प्रतीक है, बल्कि आध्यात्मिक शुद्धता और लक्ष्मी कृपा का भी अवसर होता है। दीवाली का त्योहार इस बार 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा और उससे पहले का समय बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है। हिन्दू धर्म और शास्त्रों के अनुसार, दीवाली से पहले कुछ विशेष संकेतों का दिखना बेहद शुभ माना जाता है। ये संकेत इस बात के सूचक होते हैं कि मां लक्ष्मी आपके घर पधारने वाली हैं और आपके जीवन में समृद्धि और सुख-शांति आने वाली है।

दीवाली से पहले की सफाई और मोर पंख मिलना

दीवाली से पहले घर की साफ-सफाई करना एक प्राचीन परंपरा है, जिसे सिर्फ स्वच्छता के नजरिए से नहीं, बल्कि आध्यात्मिक दृष्टिकोण से भी देखा जाता है। माना जाता है कि साफ-सुथरे घर में मां लक्ष्मी वास करती हैं। इस सफाई के दौरान अगर आपको मोर पंख मिलता है, तो इसे बहुत ही शुभ संकेत माना जाता है। यह संकेत देता है कि भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष कृपा आप पर होने वाली है। मोर पंख को श्रीकृष्ण का प्रतीक भी माना जाता है और इसे घर में रखने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।

जानवरों और जीवों का आगमन भी देता है संकेत

दीपावली से पहले अगर घर या उसके आसपास कुछ विशेष जीवों का दिखाई देना एक शुभ संकेत माना जाता है। यह संकेत इस बात का प्रतीक होते हैं कि मां लक्ष्मी की कृपा आपके घर पर होने वाली है। उदाहरण के लिए, अगर उल्लू दिखाई दे तो इसे बेहद शुभ माना जाता है, क्योंकि उल्लू को मां लक्ष्मी का वाहन कहा गया है। उल्लू का दर्शन देवी लक्ष्मी की प्रसन्नता और आगमन का संकेत माना जाता है। इसी प्रकार, छिपकली, छछूंदर या काली चींटी का घर में आना भी लक्ष्मी कृपा का प्रतीक होता है। माना जाता है कि इन जीवों के दिखने से घर में धन, वैभव और समृद्धि आने की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा, यदि दीपावली से पहले हर सुबह आपके घर के द्वार पर गाय आती है, तो यह संकेत देता है कि आपके घर में दिव्य ऊर्जा का वास हो रहा है।

सपनों में दिखें देवी-देवता या मंदिर, तो समझें सौभाग्य आने वाला है

स्वप्न शास्त्र के अनुसार, दीवाली से पहले यदि व्यक्ति को कुछ विशेष प्रकार के सपने दिखाई दें, तो यह मां लक्ष्मी के आगमन और सुख-समृद्धि की ओर इशारा करते हैं। यदि आपको सपने में ॐ का चिन्ह, शंख, दीपक, देवी-देवताओं के दर्शन या खुद को मंदिर में प्रवेश करते हुए देखने का अनुभव होता है, तो इसे अत्यंत शुभ माना जाता है। ऐसे स्वप्न संकेत देते हैं कि आपके जीवन में धन, शांति और समृद्धि का आगमन होने वाला है। ये स्वप्न न केवल भौतिक प्रगति का संकेत होते हैं, बल्कि यह भी दर्शाते हैं कि आप आध्यात्मिक उन्नति की दिशा में बढ़ रहे हैं। मां लक्ष्मी की कृपा आप पर जल्द बरसने वाली है, और आपकी जीवन की आर्थिक समस्याएं दूर हो सकती हैं। 

Disclaimer: यह खबर आपको केवल जागरूक करने के मकसद से लिखी गई है। हमने इसको लिखने में सामान्य जानकारियों की मदद ली है। NEWSTRACK इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Tags:    

Similar News