बारिश के बाद एक्शन में अनंत सिंह! खुद देखने पहुंचे तैयारियां, आज बेटी की हल्दी की रस्म

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियां तेज हो गई हैं। बारिश थमने के बाद अनंत सिंह खुद तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।

Update:2026-11-23 15:24 IST

Anant Singh Daughter Wedding

Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण आयोजन स्थल पर पानी और कीचड़ जमा हो गया था। ऐसे में कई आयोजन कैंसिल होने की कगार पर थे। हालांकि अब बारिश रुक गई है और इसी वजह से शादी की तैयारियों ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है।मौसम साफ होते ही अनंत सिंह खुद व्यवस्थाओं का जायजा लेने मैदान में उतर गए हैं।

JCB से घुड़दौड़ के मैदान को किया जा रहा है साफ

अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में शादी समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बारिश के कारण जयमाल, महाभोज और घुड़दौड़ के लिए तैयार मैदान में पानी भर गया था। ऐसे में आयोजन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी। अब जेसीबी मशीनों की मदद से मैदान में नई मिट्टी डाली जा रही है। पानी और कीचड़ हटाकर जमीन को समतल किया जा रहा है, ताकि घुड़दौड़ के दौरान घोड़ों को किसी तरह की परेशानी न हो।

मेहमानों के लिए बन रहे 150 से ज्यादा तरह के पकवान

इस शादी में सबसे ज्यादा चर्चा मेहमानों के खाने-पीने की व्यवस्था को लेकर है। आयोजन से जुड़ी तैयारियों के मुताबिक, मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा तरह के पकवान बनाए जाने की योजना है। इसमें बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ दूसरे राज्यों के लोकप्रिय पकवान भी शामिल होंगे।

मिठाइयों के इंतजाम का आंकड़ा भी काफी बड़ा है। शादी के लिए 25 लाख से ज्यादा मिठाइयां और करीब 50 लाख रसगुल्ले तैयार कराने का लक्ष्य रखा गया है। इतनी बड़ी मात्रा में मिठाइयां बनाने के लिए करीब 1500 क्विंटल चीनी मंगाई गई है। चीनी की आपूर्ति के लिए पांच ट्रकों की व्यवस्था की गई है। हर ट्रक में लगभग 300 क्विंटल चीनी होने की बात कही जा रही है।

घुड़दौड़ जीतने वाले को मिलेगी थार

शादी में घुड़दौड़ भी खास आकर्षण रहने वाली है। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली से 20 से ज्यादा घोड़े पहुंच चुके हैं। घोड़ों को प्रतियोगिता के लिए अभ्यास भी कराया जा रहा है। इस रेस में पहले स्थान पर आने वाले घोड़े के मालिक को महिंद्रा थार गाड़ी इनाम में दी जाएगी। इसी वजह से घुड़दौड़ को लेकर घोड़ा मालिकों और स्थानीय लोगों में खास उत्साह है। हालांकि बारिश के कारण पहले इसके आयोजन पर संकट मंडराने लगे थे। अनंत सिंह ने खुद कहा था कि बारिश की वजह से घोड़ा नहीं दौड़ पाएगा लेकिन अब बारिश थमने के बाद घुड़दौड़ की तैयारियां तेज हो गई हैं।

आज होगी हल्दी की रस्म, 25 नवंबर को शादी

शिवांगी की शादी से पहले 23 नवंबर को घर पर हल्दी की रस्म आयोजित की जाएगी। नदवां गांव में अनंत सिंह के घर को सजाया गया है। परिवार में शादी के पारंपरिक कार्यक्रमों की तैयारियां चल रही हैं। शिवांगी का विवाह 25 नवंबर को बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार से होना है। ऋषिकेश के पिता रणविजय सिंह सीआरपीएफ में कमांडेंट हैं। इससे पहले 20 नवंबर को पटना के दानापुर स्थित ऑर्गेनिक रिजॉर्ट में तिलक-फलदान समारोह आयोजित किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में समर्थक और मेहमान शामिल हुए थे। अमेरिका और अहमदाबाद समेत अलग-अलग जगहों से भी लोग इस समारोह में पहुंचे थे।

अब शादी के मुख्य कार्यक्रम पर सभी की निगाहें टिकी हैं। बारिश के कारण कुछ तैयारियों में देरी जरूर हुई, लेकिन मौसम साफ होने के बाद आयोजन को भव्य बनाने की कवायद फिर तेज हो गई है।

Tags:    

Similar News