छत्तीसगढ़ बोर्ड के छात्रों का इंतजार खत्म! 10वीं-12वीं की परीक्षा तारीखों का ऐलान, इस दिन से शुरू हो
Chhattisgarh Board Exam 2027: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 का टाइम टेबल जारी कर दिया है। 12वीं की परीक्षा 12 मार्च और 10वीं की परीक्षा 13 मार्च से शुरू होगी। जानिए विषयवार परीक्षा की तारीखें।
CGBSE Time Table 2027
Chhattisgarh Board Exam 2027: छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। अब परीक्षा की तारीखों को लेकर असमंजस खत्म हो गया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने साल 2027 की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। इसके मुताबिक, 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेंगी, जबकि 10वीं के एग्जाम 13 मार्च से 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित किए जाएंगे। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह की पाली में होंगी। ऐसे में विद्यार्थियों के पास अब अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने और विषयवार पढ़ाई का शेड्यूल बनाने का मौका है।
12 मार्च से शुरू होगी 12वीं की बोर्ड परीक्षा
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 12वीं की परीक्षा की शुरुआत 12 मार्च को हिंदी विषय के पेपर से होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र, लेखाशास्त्र और अन्य निर्धारित विषयों की परीक्षा होगी।
17 मार्च को संस्कृत, 19 मार्च को जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र, पशुपालन, दुग्ध प्रौद्योगिकी, मत्स्य एवं कुक्कुट पालन समेत अन्य विषयों के पेपर होंगे। वहीं, 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित और 31 मार्च को अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
अप्रैल में भी परीक्षाओं का सिलसिला जारी रहेगा। 3 अप्रैल को इतिहास, व्यवसाय अध्ययन और कृषि विज्ञान के तत्व समेत विभिन्न विषयों की परीक्षा होगी। 5 अप्रैल को भूगोल और भौतिक शास्त्र का पेपर निर्धारित है। 6 अप्रैल को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विषयों की परीक्षा होगी। 7 अप्रैल को विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं और 8 अप्रैल को मनोविज्ञान विषय के साथ 12वीं की बोर्ड परीक्षा समाप्त होगी।
13 मार्च से शुरू होंगे 10वीं के एग्जाम
कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 मार्च 2027 से शुरू होगी। पहले दिन तृतीय भाषा के तहत संस्कृत, मराठी, उर्दू, पंजाबी, सिंधी, बंगाली, गुजराती, तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और उड़िया भाषाओं की परीक्षा होगी।
इसके बाद 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान और 20 मार्च को विज्ञान का पेपर आयोजित किया जाएगा। विद्यार्थियों को हिंदी की परीक्षा के लिए 25 मार्च तक इंतजार करना होगा, जबकि गणित का पेपर 30 मार्च को होगा।
1 अप्रैल को व्यावसायिक विषयों की परीक्षा
मंडल की ओर से जारी समय-सारणी में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को भी शामिल किया गया है। 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए 1 अप्रैल को ऑर्गनाइज्ड रिटेलिंग, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल सर्विस टेक्नीशियन, हेल्थ केयर, एग्रीकल्चर, मीडिया एंड एंटरटेनमेंट, टेलीकम्युनिकेशन और बैंकिंग फाइनेंशियल सर्विसेज समेत विभिन्न विषयों की परीक्षा होगी।
इसके अलावा परिधान, होम फर्निशिंग, कंस्ट्रक्शन, प्लंबिंग, पावर, पर्यटन और अतिथि सत्कार जैसे व्यावसायिक विषयों के पेपर भी इसी दिन निर्धारित किए गए हैं। वहीं, 5 अप्रैल को दृष्टिहीन विद्यार्थियों के लिए संगीत और मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग एंड पेंटिंग की परीक्षा आयोजित होगी।
शारीरिक शिक्षा डिप्लोमा परीक्षा का भी शेड्यूल जारी
10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के साथ ही छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा 2027 का कार्यक्रम भी जारी किया है।
प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होंगी। 15 मार्च को शारीरिक शिक्षा से संबंधित मनोविज्ञान, 17 मार्च को शिक्षण विधियां और 19 मार्च को शरीर रचना, शरीर क्रिया विज्ञान एवं शारीरिक व्यायाम क्रियात्मक विज्ञान की परीक्षा होगी।
वहीं, द्वितीय वर्ष की परीक्षा 13 मार्च से शुरू होगी। इसके बाद 16 मार्च को परीक्षण एवं मापन, 18 मार्च को स्वास्थ्य शिक्षा, सामान्य खेल चोटें एवं पुनर्वास और 20 मार्च को निर्णायन एवं अधिशिक्षा विषय का पेपर आयोजित किया जाएगा।
सुबह 9 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा
मंडल ने परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र पर पहुंचने और पेपर शुरू होने का समय भी निर्धारित कर दिया है। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होंगी। विद्यार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में अपनी निर्धारित सीट पर बैठना होगा।
सुबह 9:05 बजे उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा। इसके पांच मिनट बाद यानी 9:10 बजे प्रश्नपत्र दिए जाएंगे। विद्यार्थियों को सुबह 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक उत्तर लिखने का समय मिलेगा।
यहां चेक करें 10वीं-12वीं का पूरा टाइम टेबल
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर परीक्षा की तारीख और समय में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि, परीक्षा अवधि के दौरान शासन की ओर से सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने पर भी परीक्षाएं जारी कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।
विद्यार्थी और अभिभावक विषयवार परीक्षा कार्यक्रम देखने के लिए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर जा सकते हैं। यहां से 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 का विस्तृत टाइम टेबल चेक किया जा सकता है।