राहुल गांधी की राह पर बीजेपी? लखमा ने भाजपा की लोकतंत्र बचाओ रैली पर उठाए सवाल
Kawasi Lakhma: कवासी लखमा ने भाजपा के लोकतंत्र बचाओ अभियान पर बड़ा सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी राहुल गांधी की नकल कर रही है।
Image Source – Social Media
Kawasi Lakhma: पूर्व मंत्री और विधायक कवासी लखमा ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लोकतंत्र बचाओ अभियान पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केंद्र से लेकर छत्तीसगढ़ तक बीजेपी की सरकार है, ऐसे में लोकतंत्र कैसे खतरे में हो सकता है। लखमा ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र बचाने के नाम पर रैलियां निकालकर राहुल गांधी की नकल कर रही है।
कवासी लखमा ने कहा कि केंद्र सरकार से लेकर प्रदेश, नगर पालिका और नगर पंचायत तक भाजपा की सरकार है। सरकार और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी भी भाजपा के पास है। ऐसे में लोकतंत्र को खतरा होने की बात समझ से परे है।
लखमा ने बीजेपी पर लगाया राहुल गांधी की नकल करने का आरोप
लखमा ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को मूलभूत सुविधाएं देने की बजाय संविधान और लोकतंत्र बचाने के नाम पर राजनीतिक रैलियां निकाल रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार देशभर में भाजपा की नीतियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उनके अभियानों से भाजपा की डबल इंजन सरकार परेशान है।
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी देश के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे। लखमा ने कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में भाजपा को इसका जवाब देगी। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह वहां की जनता ने अपना फैसला सुनाया, उसी तरह भारत की जनता भी चुनाव में जवाब देगी।
धान खरीदी की तैयारियों पर भी सरकार को घेरा
इसके अलावा कवासी लखमा ने धान खरीदी की व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने की घोषणा के बावजूद सुकमा और बस्तर के कई खरीदी केंद्रों पर तैयारियां अधूरी थीं। खरीदी शुरू होने के दिन भी मंडियों में साफ-सफाई तक नहीं हुई थी। लखमा ने कहा कि किसान कर्ज लेकर खेती करते हैं। अगर समय पर उनका धान नहीं बिकेगा तो वे अपना कर्ज कैसे चुकाएंगे? मौसम की अनिश्चितता के कारण बस्तर के किसान पहले ही धान काटकर रख लेते हैं। ऐसे में खरीदी व्यवस्था में देरी उनकी परेशानी बढ़ा सकती है।