तुलेश्वर मरकाम की गाड़ी पर पथराव...क्या पहले से थी विधायक के गुजरने की खबर?

Tuleshwar Markam: छत्तीसगढ़ के पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम की गाड़ी पर बिलासपुर के सिंघरी में देर रात पथराव किया गया। हमले में वाहन का साइड शीशा टूट गया, जबकि विधायक और उनके साथ मौजूद लोग सुरक्षित हैं। पार्टी ने Y-प्लस सुरक्षा की मांग की है।

Update:2026-11-29 11:36 IST

MLA Vehicle Attack 

Tuleshwar Markam: छत्तीसगढ़ में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार देर रात उनके वाहन को निशाना बनाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर फेंक दिया। पत्थर सीधे उस तरफ लगा, जहां विधायक बैठे हुए थे। इससे वाहन का साइड वाला शीशा टूटकर बिखर गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि विधायक समेत वाहन में मौजूद किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। घटना के बाद हमले के पीछे की मंशा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त विधायक मरकाम के साथ उनके पीएसओ सुशील कौशिक और चालक भी वाहन में मौजूद थे। अचानक हुए पथराव से गाड़ी के अंदर बैठे लोग घबरा गए। हालांकि, चालक ने स्थिति संभालते हुए वाहन पर नियंत्रण बनाए रखा। उसकी सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

गौरा-गौरी कार्यक्रम से लौटते वक्त निशाना बना वाहन

विधायक तुलेश्वर मरकाम शुक्रवार को बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघरी में आयोजित गौरा-गौरी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम में उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। देर रात करीब 11:30 बजे जब वह कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी सिंघरी मुख्य मार्ग पर उनके वाहन पर पथराव किया गया।

बताया गया है कि घटना के समय विधायक की गाड़ी से लगभग 500 मीटर आगे पुलिस की गश्ती गाड़ी चल रही थी। इसके बावजूद अज्ञात हमलावर ने उनके वाहन पर पत्थर मार दिया, जिससे साइड का कांच टूट गया। घटना की जानकारी विधायक के प्रतिनिधि कुलदीप सिंह मरकाम ने दी। उन्होंने बताया कि हमले में वाहन को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी को चोट नहीं आई।

विधायक की गाड़ी को जिस तरह निशाना बनाया गया, उससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि हमलावर को उनके वहां से गुजरने की जानकारी पहले से थी। हालांकि, यह हमला किसने और किस वजह से किया, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

रतनपुर थाने में शिकायत, हमलावर की पहचान की मांग

घटना के बाद रतनपुर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दी गई है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारियों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और हमलावर की पहचान जल्द उजागर करने की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि विधायक के वाहन पर इस तरह हमला किया जाना गंभीर मामला है और इसके पीछे की वजह सामने आनी चाहिए।

तुलेश्वर मरकाम को Y-प्लस सुरक्षा देने की मांग

पथराव की घटना को लेकर पार्टी नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला महासचिव शेख इस्माइल ने कहा कि इस मामले को लेकर पार्टी छत्तीसगढ़ समेत देश के अलग-अलग राज्यों में आंदोलन करेगी।

उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार और केंद्र सरकार से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर मरकाम को Y-प्लस सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।  

Tags:    

Similar News