'गोवा और उत्तर प्रदेश में BJP हारी तो E20 होगा वापस', अरविंद केजरीवाल का बड़ा एलान- ...वरना मैं छोड़ दूंगा राजनीति

अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि गोवा और उत्तर प्रदेश में बीजेपी को हार मिलने पर इसे वापस लेने का दबाव बनेगा।

Update:2026-08-25 17:53 IST

Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि अगर गोवा और उत्तर प्रदेश में बीजेपी हारती है तो E20 पेट्रोल को वापस लेने का फैसला जल्द हो सकता है। केजरीवाल ने यह भी कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह राजनीति छोड़ने तक का फैसला कर सकते हैं।

केजरीवाल ने अपने बयान में E20 पेट्रोल को लेकर लोगों की परेशानी का मुद्दा उठाया और कहा कि बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन इस्तेमाल करने वाले लोग इससे प्रभावित हो सकते हैं।

'बीजेपी हारी तो 5 दिन में E20 वापस होगा'

केजरीवाल ने कहा कि अगर भाजपा गोवा और उत्तर प्रदेश में एक बार भी हारती है , तो मैं आपको बता रहा हूं, नतीजे 10 मार्च को आएंगे और 15 मार्च तक E20 ईंधन वापस ले लिया जाएगा । गोवा में 87% लोग E20 की वजह से परेशान हैं। '

उन्होंने आगे कहा, '87% लोगों के पास दोपहिया वाहन हैं और 47% लोगों के पास चार पहिया वाहन हैं। अगर सभी मिलकर यह संकल्प लें कि इस बार वे भाजपा को वोट नहीं देंगे तो मेरा मानना ​​है कि अगर 5 दिनों के भीतर E20 वापस नहीं लिया गया तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।

29 ऑटो कंपनियों को लिखी चिट्ठी

केजरीवाल ने E20 के असर को लेकर ऑटोमोबाइल कंपनियों से जानकारी जुटाने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने देश की 29 ऑटोमोबाइल कंपनियों को पत्र लिखकर पूछा था कि क्या 2023 से पहले बनाए गए वाहनों में E20 पेट्रोल का सुरक्षित इस्तेमाल किया जा सकता है।

उनके मुताबिक, किसी भी कंपनी ने उन्हें लिखित जवाब नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने कंपनियों से फोन पर बात करने की कोशिश की। केजरीवाल का दावा है कि नौ कंपनियों के अधिकारियों ने उनसे निजी तौर पर बात की। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों ने अपनी पहचान और कंपनी का नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर उनसे बातचीत की।

'पुराने वाहनों के लिए खतरनाक बताया'

केजरीवाल ने दावा किया कि इन अधिकारियों ने उन्हें बताया कि E20 पेट्रोल 2023 से पहले बनाए गए पेट्रोल वाहनों के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकता है। उनका कहना है कि अधिकारियों ने निजी बातचीत में E20 को खतरनाक ईंधन बताया और कहा कि पुराने वाहनों में इसके इस्तेमाल से वाहन पर गंभीर असर पड़ सकता है।

केंद्र सरकार पर लगाया दबाव का आरोप

AAP नेता ने यह भी आरोप लगाया कि ऑटोमोबाइल कंपनियों के अधिकारी सार्वजनिक रूप से E20 के खिलाफ बोलने से डरते हैं। केजरीवाल का दावा है कि केंद्र सरकार के दबाव के कारण कंपनियां खुलकर अपनी राय नहीं रख पा रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि अगर कोई कंपनी या अधिकारी सरकार के खिलाफ बोलता है तो उसके खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) या आयकर विभाग की कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने यहां तक दावा किया कि कंपनियों के प्लांट बंद कराने तक का दबाव बनाया जा सकता है।

क्या है E20 पेट्रोल?

E20 पेट्रोल ऐसा ईंधन है जिसमें पेट्रोल के साथ 20 फीसदी तक इथेनॉल मिलाया जाता है। भारत में पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने का उद्देश्य पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करना, किसानों को बाजार उपलब्ध कराना और देश में इथेनॉल के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।

सरकार लंबे समय से पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा बढ़ाने की नीति पर काम कर रही है। इसी वजह से देश के कई हिस्सों में E20 पेट्रोल की उपलब्धता बढ़ी है।

Tags:    

Similar News