दिल्ली के करोल बाग में मौत का मलबा! पुरानी बिल्डिंग गिरने से मजदूर की गई जान, 3 घायल

दिल्ली के करोल बाग के रेगरपुरा इलाके में शुक्रवार सुबह पुरानी दो मंजिला बिल्डिंग अचानक गिर गई।

Update:2026-08-21 17:33 IST

Karol Bagh Building Collapse: राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेगरपुरा के प्यारे लाल रोड पर एक पुरानी दो मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय बिल्डिंग को तोड़ने का काम चल रहा था और वहां कई मजदूर मौजूद थे। मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रेगरपुरा स्थित बिल्डिंग नंबर 3512 में हुआ। पुरानी और जर्जर इमारत को एक निजी ठेकेदार के जरिए तोड़ा जा रहा था। इसी दौरान अचानक बिल्डिंग का एक बड़ा हिस्सा गिर गया और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।

मसबा में दबने से एक की मौत

हादसे की सूचना सुबह करीब 11:15 बजे पुलिस और दमकल विभाग को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया। टीमों ने मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला।

हादसे में शेख शमशाद नाम के मजदूर की मौत हो गई। उसके शव को एलएचएमसी अस्पताल की मॉर्चरी में रखा गया है। वहीं मोहम्मद अयूब गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसके सिर में चोट लगी है और दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। गंभीर हालत को देखते हुए उसे डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।

एक अन्य मजदूर शेख सैदुल के हाथ-पैर में चोट आई है और उसका इलाज जीवन माला अस्पताल में चल रहा है। चौथे मजदूर रफीक-उल को मामूली चोट लगी, जिसके बाद वह अपने घर चला गया।

बिना अनुमति चल रहा था तोड़ने का काम

शुरुआती जांच में सामने आया है कि बिल्डिंग को गिराने के लिए संबंधित एजेंसी से आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस ने मामले में बिल्डिंग मालिकों और ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इमारत का हिस्सा किस वजह से गिरा और सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया।

Tags:    

Similar News