उज्जैन के नागचंद्रेश्वर मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति! सावन में बेकाबू हुई भीड़, कई श्रद्धालु घायल | देखें VIDEO
उज्जैन के नागचंद्रेश्वर मंदिर में सावन के दौरान सोमवार सुबह भारी भीड़ जुटने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
Ujjain Nagchandreshwar Temple Stampede: मध्य प्रदेश के धार्मिक शहर उज्जैन में सोमवार सुबह नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कम से कम तीन श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं के बीच भी घबराहट का माहौल देखने को मिला।
अधिकारियों के मुताबिक, पवित्र सावन महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचे थे। भीड़ बढ़ने के बाद स्थिति बिगड़ गई और धक्का-मुक्की में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें चिकित्सकीय सहायता दी गई।
बिजली के करंट की झूठी अफवाह से फैली भगदड़
न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह भगदड़ हरसिद्धि मंदिर चौक के पास लगे बैरिकेड्स में बिजली के करंट की झूठी अफवाह फैलने के बाद मची। बैरिकेड्स टूटने से कई श्रद्धालु घायल हो गए।
बड़ा गणेश मंदिर, नीलकंठ चौक और कर्क राज पार्किंग से हरसिद्धि मंदिर के प्रवेश द्वार तक जाने वाले रास्ते पर भी अफरा-तफरी मच गई। घायलों को चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया। कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए व्यवस्था बहाल की।
घायल श्रद्धालु की मां ने सुनाई घटना
घायल युवक की मां मीनू ने बताया कि उनका बेटा नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था। उनके मुताबिक, हरसिद्धि चौराहे के पास वह बैरिकेड के नीचे आ गया, जिसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मीनू ने दावा किया कि उस समय उनके बेटे की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया और बाद में एक व्यक्ति उसे उठाकर वहां से लेकर गया।
सोशल मीडिया पर सामने आईं भीड़ की तस्वीरें
घटना के बाद मौके की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। इनमें मंदिर परिसर और आसपास बड़ी संख्या में श्रद्धालु दिखाई दे रहे हैं। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।