Sachin Vaze कौन हैं? प्रताप मूवी का ट्रेलर जारी होने के बाद चर्चा, पुलिस और राजनीति से जुड़े विवाद
Sachin Vaze Biography: प्रताप मूवी का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, ट्रेलर रिलीज होने के बाद अमित साध के किरदार की तुलना सचिन वजे के साथ, जानिए कौन हैं सचिन वजे
Sachin Waze Biography (Image Credit-Social Media)
Sachin Waze Biography: सचिन वाजे भारतीय पुलिस विभाग के उन अधिकारियों में से एक हैं, जिनका नाम कई चर्चित अपराध मामलों और विवादों के कारण सुर्खियों में रहा। मुंबई पुलिस में अपने करियर के दौरान वह एक कथित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के रूप में पहचाने गए। हालांकि, उनके करियर में कई विवाद भी सामने आए, जिनमें ख्वाजा यूनुस हिरासत में मौत का मामला और एंटीलिया बम धमकी प्रकरण प्रमुख हैं। इस समय सचिन वाजे इसलिए सुर्खियों में है क्योंकि प्रताप मूवी के ट्रेलर रिलीज होने के बाद अमित साध के किरदार की तुलना उनसे की जा रही है। लेकिन डायरेक्टर सचिन सराफ ने क्लियर कर दिया कि प्रताप मूवी सचिन वाजे की बॉयोपिक नहीं है, बल्कि वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है।
सचिन वाजे कौन हैं? (Who Is Sachin Waze)-
सचिन हिंदुराव वाझे महाराष्ट्र पुलिस के पूर्व अधिकारी हैं। उनका जन्म 22 फरवरी 1972 को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1990 में महाराष्ट्र पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के रूप में अपना करियर शुरू किया था। शुरुआत में उनकी पोस्टिंग नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली क्षेत्र में हुई थी। बाद में वह ठाणे पुलिस और मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच से जुड़े। अपराध मामलों की जांच और एनकाउंटर से जुड़ी गतिविधियों के कारण उन्हें मीडिया में 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' के नाम से पहचान मिली।
सचिन वाझे का पुलिस करियर (Sachin Waze Police Career)-
सचिन वाझे ने 1990 में पुलिस सेवा ज्वाइन की। इसके बाद उन्होंने ठाणे और मुंबई में कई महत्वपूर्ण मामलों की जांच की। वह मुंबई पुलिस की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) से भी जुड़े रहे। उनके करियर में कई चर्चित मामले शामिल रहे, जिसके कारण वह मीडिया की सुर्खियों में बने रहते थे। लेकिन 2003-04 के दौरान ख्वाजा यूनुस मामले में उनका नाम आने के बाद उनके पुलिस करियर को बड़ा झटका लगा।
ख्वाजा यूनुस मामला क्या था -
ख्वाजा यूनुस 2002 के घाटकोपर बम विस्फोट मामले में संदिग्ध थे। जनवरी 2003 में पुलिस हिरासत के दौरान उनके लापता होने की खबर सामने आई थी। उनके परिवार ने मामले में न्याय की मांग की और जांच के बाद महाराष्ट्र CID ने इसे हिरासत में हुई मौत का मामला बताया।
इस मामले में सचिन वाझे समेत कुछ पुलिस अधिकारियों पर आरोप लगाए गए। वर्ष 2004 में सचिन वाझे को निलंबित कर दिया गया था। इस मामले की कानूनी प्रक्रिया और मुकदमा लंबे समय तक जारी रहा।
सचिन वाझे की पुलिस में वापसी-
करीब 16 साल तक पुलिस सेवा से बाहर रहने के बाद जून 2020 में सचिन वाजे को दोबारा मुंबई पुलिस में बहाल किया गया। उनकी वापसी को लेकर राजनीतिक और मीडिया जगत में काफी चर्चा हुई। बहाली के बाद उन्हें क्राइम ब्रांच की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट में जिम्मेदारियां दी गईं। इस दौरान उन्होंने कई चर्चित मामलों की जांच की और एक बार फिर मीडिया में उनका नाम तेजी से सामने आया।
एंटीलिया बम धमकी मामले में सचिन वाजे का नाम-
फरवरी 2021 में मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर एक संदिग्ध कार मिलने के बाद मामला काफी गंभीर हो गया था। कार में विस्फोटक सामग्री और धमकी भरा पत्र मिलने की घटना ने देशभर में सुर्खियां बटोरीं।
इस मामले की जांच के दौरान सचिन वाझे का नाम सामने आया। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मार्च 2021 में उन्हें गिरफ्तार किया। जांच एजेंसी ने उन पर साजिश सहित कई गंभीर आरोप लगाए। इस मामले में मनसुख हिरेन की मौत की जांच भी जुड़ी हुई थी।
सचिन वाजे और राजनीतिक संबंध (Sachin Waze Political Career)-
सचिन वाजे का नाम शिवसेना से भी जुड़ा रहा है। पुलिस सेवा से बाहर रहने के दौरान उन्होंने राजनीति में भी कदम रखा था और शिवसेना से जुड़े थे। उनके राजनीतिक संबंधों को लेकर भी समय-समय पर महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चाएं होती रही हैं।
सचिन वाजे की किताबें (Sachin Waze Books)-
सचिन वाझे को लेखन और तकनीक में भी रुचि रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने कुछ किताबें लिखी हैं, जिनमें अपराध और जांच से जुड़े विषयों का उल्लेख मिलता है।
उनकी चर्चित पुस्तकों में शामिल हैं-
Jinkun Harleli Ladhaai – मुंबई के 26/11 आतंकी हमलों से संबंधित विषय पर आधारित पुस्तक।
Sheena Bora – The Murder That Shook India – शीना बोरा हत्याकांड से जुड़ी पुस्तक।
इसके अलावा उन्होंने मराठी सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म 'लाई भारी' (Lai Bhari) भी शुरू किया था।