मंडला मर्डर्स के कलाकार पहुंचे लखनऊ, नेटफ्लिक्स पर सीरीज 25 जुलाई को होगी रिलीज
Mandala Murders: मंडला मर्डर्स सीरीज़ में मुख्य भूमिका निभा रहीं वाणी कपूर, सुरवीन चावला और वैभव राज गुप्ता ने राजधानी लखनऊ में सीरीज का प्रमोशन किया। मंडला मर्डर्स की शूटिंग का कुछ हिस्सा लखनऊ में ही फिल्माया गया है। यह सीरीज 25 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
Mandala Murders cast in Lucknow (Photo: Network)
Mandala Murders: नेटफ्लिक्स और वाईआरएफ एंटरटेनमेंट की बहुप्रतीक्षित माइथोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर ‘मंडला मर्डर्स’ के प्रीमियर से पहले इसकी स्टार कास्ट मंगलवार को लखनऊ पहुंची। सीरीज़ में मुख्य भूमिका निभा रहीं वाणी कपूर, सुरवीन चावला और वैभव राज गुप्ता ने राजधानी में मीडिया से मुलाकात की और सीरीज का प्रमोशन किया। उन्होंने बताया कि सीरीज 25 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होगी। लखनऊ में कलाकारों ने ऐतिहासिक विरासत का आनंद भी लिया।
लखनऊ में फिल्माएं गए है कुछ सीन
मंडला मर्डर्स की शूटिंग का कुछ हिस्सा लखनऊ में ही फिल्माया गया है, जिससे उनकी यह यात्रा और अधिक खास बन गई। वाईआरएफ एंटरटेनमेंट द्वारा प्रोड्यूस और गोपी पुथरन व मनन रावत द्वारा निर्देशित सीरीज़ काल्पनिक शहर 'चरणदासपुर' की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह कहानी एक सदी पुरानी गुप्त संस्था से जुड़ी रहस्यमयी हत्याओं के इर्द-गिर्द घूमती है। जिसमें वाणी कपूर और वैभव राज गुप्ता के किरदार हत्याओं की परत-दर-परत साजिश का खुलासा करते हैं। वाणी कपूर सीरीज़ में जांच अधिकारी 'रिया थॉमस' की भूमिका में हैं।
वाणी कपूर सीरीज़ में रिया थॉमस बनी
उन्होंने अपने किरदार को लेकर कहा, रिया थॉमस का किरदार मेरे लिए बेहद चुनौतीपूर्ण और संतोषजनक रहा है। मुझे कोमलता और दृढ़ निश्चय के बीच संतुलन बनाना पड़ा है। यह एक कलाकार के रूप में मेरी सबसे खास भूमिकाओं में से एक है। वहीं वैभव राज गुप्ता ने ‘कॉप विक्रम सिंह’ की भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इस सीरीज़ में हर सुराग दर्शकों को चौंका देगा। विक्रम इस रहस्य के ठीक केंद्र में है और हमने इसे बनाने में दिल से मेहनत की है। सुरवीन चावला, जो सीरीज़ में एक महिला राजनीतिज्ञ अनन्या भारद्वाज के किरदार में नजर आएंगी।
चौंकाने वाली और परतें खलती फिल्म
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ़ एक थ्रिलर नहीं, बल्कि चौंकाने वाली और परतों वाली कहानी है। अनन्या का किरदार निभाना मेरे लिए एक अभिनेत्री के तौर पर बेहद शानदार अनुभव रहा है। कुल मिलाकर मंडला मर्डर्स एक ऐसी दुनिया की कहानी है जहां प्राचीन भविष्यवाणियों और आधुनिक सच्चाइयों के बीच की रेखाएं धुंधली हो जाती हैं। इस सीरीज में जानना रोमांचक होगा कि असली पीड़ित कौन है, कौन बचेगा और कौन सच्चाई के साथ खड़ा रहेगा। इस सीरीज़ में श्रिया पिलगांवकर, सिद्धांत कपूर, राहुल बग्गा, रघुबीर यादव और मोनिका चौधरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।