Bisleri के पानी में कैंसर वाले केमिकल! किडनी तक को खतरा, मान लीजिए FSSAI की दी ये हिदायत
FSSAI ने लैब जांच में ब्रोमेट और PAHs केमिकल मिलने के बाद बिसलेरी के एक पानी के सैंपल को असुरक्षित घोषित किया है।
Bisleri: बोतलबंद पानी को लोग अक्सर सुरक्षित मानकर इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अब बिसलेरी के एक सैंपल की जांच ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने लैब टेस्ट में कुछ हानिकारक रसायन मिलने के बाद बिसलेरी के पानी के एक सैंपल को असुरक्षित घोषित किया है। जांच में ब्रोमेट और पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) नाम के रसायनों की मौजूदगी सामने आई। PAHs समूह में ऐसे कई केमिकल शामिल हैं, जिन्हें कैंसर से जुड़ा माना जाता है। हालांकि, कंपनी ने अपनी सफाई में कहा है कि बाद की जांच में ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर पाया गया।
क्या होता है ब्रोमेट और क्यों है खतरनाक?
ब्रोमेट एक अकार्बनिक रसायन है, जो पानी को कीटाणुओं से मुक्त करने की प्रक्रिया के दौरान बन सकता है। खासतौर पर जब पानी को साफ करने के लिए ओजोन का इस्तेमाल किया जाता है, तब पानी में पहले से मौजूद ब्रोमाइड आयन के साथ प्रतिक्रिया होने पर ब्रोमेट बन सकता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, पानी में ब्रोमेट की मात्रा कई बातों पर निर्भर करती है। इसमें पानी के स्रोत में मौजूद ब्रोमाइड की मात्रा, ओजोन का इस्तेमाल, पानी का pH और दूसरी विशेषताएं शामिल हैं। WHO का कहना है कि लंबे समय तक ब्रोमेट के संपर्क में रहने से कैंसर का खतरा हो सकता है।
इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) ने ब्रोमेट को Group 2B में रखा है। इसका मतलब है कि यह इंसानों के लिए संभवतः कैंसरकारी हो सकता है। यह वर्गीकरण मुख्य रूप से जानवरों पर किए गए प्रयोगों में कैंसर से जुड़े पर्याप्त सबूत मिलने के आधार पर किया गया है, जबकि इंसानों में इसके प्रमाण सीमित हैं।
किडनी और DNA पर पड़ सकता है असर
जानवरों पर किए गए अध्ययनों में पोटैशियम ब्रोमेट के संपर्क में आने से किडनी, थायरॉइड और शरीर के दूसरे हिस्सों में ट्यूमर के मामले बढ़ने की बात सामने आई है। रिसर्च में यह भी संकेत मिले हैं कि ब्रोमेट शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस पैदा कर सकता है। इस स्थिति में अस्थिर अणु कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाते हैं।
इसके अलावा, ब्रोमेट DNA को भी प्रभावित कर सकता है। इससे जेनेटिक म्यूटेशन यानी आनुवंशिक बदलाव होने की आशंका रहती है, जो आगे चलकर कैंसर के खतरे से जुड़ सकते हैं।
WHO ने पीने के पानी में ब्रोमेट की अधिकतम अस्थायी सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर तय की है। एक बार पानी में ब्रोमेट बन जाने के बाद इसे हटाना मुश्किल होता है। इसलिए पानी को साफ करने की प्रक्रिया पर नियंत्रण रखना बेहद जरूरी है।
बिसलेरी के सैंपल में तय सीमा से 20 फीसदी ज्यादा ब्रोमेट
बिसलेरी के मामले में कंपनी के मुताबिक, गोवा स्थित उसके प्लांट से 30 सितंबर 2025 को एक सैंपल लिया गया था। शुरुआती लैब जांच में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज की गई, जबकि तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। यानी शुरुआती जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा से 20 फीसदी ज्यादा था।
हालांकि, बिसलेरी ने अपने बयान में कहा कि रेफरल लैब और FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र लैब में बाद में कराई गई जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली। इस तरह शुरुआती जांच और बाद की जांच के नतीजों को लेकर कंपनी और सामने आई रिपोर्ट में अंतर है।
ज्यादा मात्रा में ब्रोमेट पहुंचने पर हो सकती है गंभीर परेशानी
ब्रोमेट की बहुत ज्यादा मात्रा शरीर में पहुंचने पर गंभीर जहरीला असर हो सकता है। हेल्थ कनाडा के मुताबिक, कुछ मामलों में लोगों ने गलती से या जानबूझकर ब्रोमेट के गाढ़े घोल का सेवन किया था। ऐसे मामलों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द और जी मिचलाने जैसे लक्षण सामने आए।
गंभीर मामलों में किडनी को नुकसान, किडनी फेल होने और सुनने की क्षमता प्रभावित होने की घटनाएं भी दर्ज की गई हैं। हालांकि, ये मामले ब्रोमेट की बहुत ज्यादा मात्रा वाले घोल से जुड़े थे। इन्हें पीने के पानी में मिलने वाली कम मात्रा के संभावित जोखिम के बराबर नहीं माना जाना चाहिए।
क्या होते हैं PAHs और कैसे पहुंचते हैं शरीर में?
बिसलेरी के सैंपल में दूसरा संदूषक पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन यानी PAHs बताया गया है। ये 100 से ज्यादा केमिकल का एक समूह है। इनका निर्माण मुख्य रूप से कोयला, पेट्रोलियम, लकड़ी और तंबाकू जैसे पदार्थों के अधूरे जलने से होता है। बहुत ज्यादा तापमान पर खाना पकाने, खासकर ग्रिल करने या भोजन के जल जाने पर भी कुछ PAHs बन सकते हैं।
हालांकि, इस समूह के सभी केमिकल कैंसरकारी नहीं होते। WHO के मुताबिक, इनसे होने वाला स्वास्थ्य जोखिम इस बात पर निर्भर करता है कि कौन से केमिकल मौजूद हैं और इंसान कितनी मात्रा में उनके संपर्क में आता है।
कुछ PAHs शरीर में पहुंचने के बाद ऐसे रसायनों में बदल सकते हैं, जो DNA से जुड़कर उसे नुकसान पहुंचाते हैं। अगर शरीर इस नुकसान की मरम्मत नहीं कर पाता, तो कोशिकाओं में बदलाव हो सकते हैं और कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। फिलहाल FSSAI ने बिसलेरी के सैंपल में मिले PAHs की सटीक मात्रा या किन-किन विशेष केमिकल की मौजूदगी थी, इसका खुलासा नहीं किया है।
पैकेज्ड पानी की जांच के नियमों में क्या बदलाव हुए?
बिसलेरी का यह मामला भारत में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता और उसकी निगरानी को लेकर भी चर्चा में है। अक्टूबर 2024 में सरकार ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का सर्टिफिकेशन अनिवार्य रखने की शर्त हटा दी थी। BIS मार्क यह दिखाता है कि कोई उत्पाद सरकार के तय सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरता है।
इसके बाद नवंबर 2024 में FSSAI ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर को हाई-रिस्क फूड कैटेगरी में शामिल कर लिया। इसका मकसद इन उत्पादों की निगरानी और जांच को सख्त करना था।
1 जनवरी 2026 से FSSAI की अनिवार्य टेस्टिंग स्कीम लागू हुई, जिसने पुराने BIS जांच तंत्र की जगह ली। इसके तहत पानी बनाने वाली कंपनियों को जांच का रिकॉर्ड रखना और तय समय पर अधिसूचित व मान्यता प्राप्त लैब से उत्पादों की टेस्टिंग कराना जरूरी है। बिसलेरी के सैंपल से जुड़ा मामला ऐसे समय सामने आया है, जब पैकेज्ड पानी की गुणवत्ता की निगरानी को लेकर नए नियम लागू हैं।