26/11 के 18 साल बाद भी पाकिस्तान में खुलेआम घूम रहे मुंबई हमले के गुनहगार, जानिए कौन-कौन है शामिल

26/11 Mumbai Attack: 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले के 18 साल बाद भी कई प्रमुख आरोपी पाकिस्तान में मौजूद बताए जाते हैं। जानिए हाफिज सईद, जकी-उर-रहमान लखवी और अन्य आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई और किन सवालों के जवाब अब भी बाकी हैं।

Update:2026-11-26 14:34 IST

Mumbai Terror Attack 2008

26/11 Mumbai Attack: एक रात... जिसने मुंबई की रफ्तार रोक दी। चारों तरफ गोलियों की आवाज, धमाकों का शोर और जिंदगी बचाने के लिए भागते लोग। ताज होटल से लेकर सीएसटी स्टेशन तक आतंक का ऐसा तांडव मचा कि पूरा देश दहल उठा। तारीख थी 26 नवंबर 2008। पाकिस्तान से आए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने मुंबई को निशाना बनाया था। इस हमले में 160 से ज्यादा लोगों की जान चली गई और सैकड़ों लोग घायल हुए। आज इस भयावह घटना को 18 साल बीत चुके हैं, लेकिन सवाल अब भी वही है- आखिर इस हमले के गुनहगारों को सजा कब मिलेगी?

26/11 के हमले में आतंकियों ने ताज होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (CST) रेलवे स्टेशन और नरीमन हाउस समेत मुंबई के कई प्रमुख स्थानों पर हमला किया था। आतंकियों ने कराची से समुद्री रास्ते के जरिए मुंबई में घुसपैठ की और कई जगहों पर अंधाधुंध गोलीबारी व विस्फोट किए। सुरक्षाबलों ने कई दिनों तक चले ऑपरेशन के बाद आतंकियों से मुकाबला किया। इस दौरान नौ आतंकी मारे गए, जबकि अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया था।

18 साल बाद भी पाकिस्तान में मौजूद हैं कई आरोपी

हमले के बाद हुई जांच और अजमल कसाब व डेविड हेडली से मिली जानकारी ने इस साजिश के पाकिस्तान से जुड़े तारों को उजागर किया। भारत लंबे समय से पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के नेताओं और अन्य आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करता रहा है। भारतीय खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, हमले से जुड़े कई प्रमुख आरोपी अब भी पाकिस्तान में मौजूद हैं और उन्हें वहां संरक्षण मिल रहा है।

इनमें लश्कर-ए-तैयबा का सरगना हाफिज सईद और संगठन का ऑपरेशन प्रमुख जकी-उर-रहमान लखवी शामिल हैं। इनके अलावा लश्कर कमांडर साजिद मजीद उर्फ साजिद मीर, पाकिस्तानी सेना का रिटायर्ड मेजर अब्दुर रहमान हाशिम सैयद उर्फ पाशा और आईएसआई से जुड़े दो अधिकारी मेजर इकबाल व मेजर समीर अली के नाम भी सामने आते रहे हैं।

सजा सुनाई गई, लेकिन कार्रवाई पर उठते रहे सवाल

अंतरराष्ट्रीय दबाव के बाद पाकिस्तान में कुछ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सजा सुनाए जाने की खबरें सामने आईं। हाफिज सईद को 2020 में आतंकी गतिविधियों और टेरर फंडिंग से जुड़े मामलों में सजा सुनाई गई थी। अलग-अलग मामलों में उसे कुल 78 साल की कैद की सजा दिए जाने की बात सामने आई। हालांकि, भारतीय अधिकारियों का आरोप है कि उसके खिलाफ कार्रवाई प्रभावी नहीं रही और उसे पाकिस्तान में संरक्षण मिलता रहा है।

इसी तरह जकी-उर-रहमान लखवी को 2021 में टेरर फंडिंग के मामले में तीन अलग-अलग मामलों में पांच-पांच साल की सजा सुनाई गई थी। लेकिन 26/11 हमले की साजिश में उसकी भूमिका को लेकर भारत लगातार कार्रवाई की मांग करता रहा है।

लश्कर कमांडर साजिद मीर को भी कथित तौर पर गिरफ्तार कर आठ साल की जेल की सजा सुनाए जाने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, उसकी मौजूदा स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है। वहीं, मेजर इकबाल, मेजर समीर अली और पूर्व सैन्य अधिकारी पाशा के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।

आतंकियों को ट्रेनिंग और पनाह देने वाले मददगार भी पाकिस्तान में

26/11 हमले की साजिश में केवल वे 10 आतंकी ही शामिल नहीं थे, जिन्होंने मुंबई पहुंचकर हमला किया था। जांच में कई ऐसे नाम भी सामने आए, जिन्होंने हमलावरों को प्रशिक्षण देने, उनकी मदद करने और उन्हें पनाह देने में भूमिका निभाई थी।

इनमें अबू कहाफा, अबू अलकमा, मुजम्मिल, अबू अनस और अबू हमजा के नाम शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इन लोगों ने हमले को अंजाम देने वाले आतंकियों को तैयार करने और उनकी मदद करने में अहम भूमिका निभाई थी। ये सभी पाकिस्तान में मौजूद बताए जाते हैं।

दो साजिशकर्ताओं की हो चुकी है मौत

26/11 हमले से जुड़े दो अन्य नाम अब इस दुनिया में नहीं हैं। लश्कर-ए-तैयबा के पूर्व उप-प्रमुख और हाफिज सईद के साले अब्दुल रहमान मक्की की दिसंबर 2024 में लाहौर में मौत हो गई थी। वहीं, अल-कायदा और पाकिस्तान स्थित हरकत-उल जिहाद इस्लामी से जुड़े नेता इलियास कश्मीरी की जून 2011 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मौत हुई थी।

26/11 के जख्म आज भी ताजा

मुंबई हमले को 18 साल गुजर चुके हैं, लेकिन इस आतंकी वारदात में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के लिए वह दर्द आज भी कायम है। हमले के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर आतंकियों का मुकाबला करने वाले सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों का साहस भी देश याद करता है। अजमल कसाब को भारत में मुकदमे के बाद नवंबर 2012 में फांसी दी गई थी, लेकिन हमले की पूरी साजिश में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई का सवाल अब भी बना हुआ है।

26/11 केवल मुंबई पर हमला नहीं था, बल्कि भारत की सुरक्षा और संप्रभुता को चुनौती देने की कोशिश थी। 18 साल बाद भी इस हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाने और साजिश में शामिल सभी आरोपियों को सजा दिलाने की मांग जारी है।

Tags:    

Similar News