कोल्ड ड्रिंक, नमकीन और बिस्कुट पर लगेंगे चेतावनी वाले लेबल, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश

Packaged Food Warning Labels: सुप्रीम कोर्ट ने हाई शुगर, हाई साल्ट और हाई फैट वाले पैकेज्ड फूड पर अलग-अलग लाल चेतावनी वाले लेबल लगाने का निर्देश दिया है। जानें SC ने अपने आदेश में क्या-क्या कहा?

Update:2026-11-26 14:54 IST

Image Source – Social Media

Packaged Food Warning Labels: चिप्स, बिस्कुट, नमकीन, कोल्ड ड्रिंक और दूसरे पैकेज्ड फूड खाने वालों के लिए अहम खबर है। सुप्रीम कोर्ट ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों को लेकर बड़ा आदेश दिया है। जिन पैकेज्ड फूड उत्पादों में शुगर, नमक या फैट की मात्रा निर्धारित सीमा से ज्यादा होगी, उनके पैकेट पर अलग-अलग चेतावनी लेबल लगाने होंगे। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को फ्रंट ऑफ पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग व्यवस्था लागू करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा है कि इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। अदालत ने FSSAI को चार महीने के अंदर इसका मसौदा तैयार करने के लिए कहा है।

हर पोषक तत्व के लिए अलग लगेगा लाल निशान

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि पैकेट पर एक ही चेतावनी देने की बजाय हर पोषक तत्व के लिए अलग-अलग लाल रंग का हेक्सागोन (षट्कोण) निशान लगाना होगा।

इन चेतावनी लेबल पर अंग्रेजी में संबंधित जानकारी लिखी होगी:

• HIGH SUGAR: निर्धारित सीमा से ज्यादा शुगर होने पर।

• HIGH SALT: निर्धारित सीमा से ज्यादा नमक होने पर।

• HIGH FAT: निर्धारित सीमा से ज्यादा फैट होने पर।

उदाहरण के तौर पर, अगर किसी खाद्य उत्पाद में शुगर और नमक दोनों की मात्रा निर्धारित सीमा से ज्यादा है तो उसके पैकेट पर दोनों के लिए अलग-अलग चेतावनी वाले लेबल लगाने होंगे। इसी तरह तीनों पोषक तत्वों की मात्रा ज्यादा होने पर तीन अलग-अलग चेतावनी वाले लेबल लगाने होंगे।

अदालत ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक हेक्सागोन में संबंधित पोषक तत्व का चित्रात्मक संकेत (Pictogram) भी होना चाहिए, ताकि उपभोक्ता बिना पैकेट के पीछे लिखी लंबी पोषण संबंधी जानकारी पढ़े ही खतरे को समझ सकें।

Added Sugar नहीं, Total Sugar को बनाया जाएगा आधार

इस फैसले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू शुगर और फैट की गणना से जुड़ा है। सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया है कि चेतावनी लेबल के मानक तय करते समय केवल अलग से मिलाई गई चीनी (Added Sugar) की बजाय कुल शुगर (Total Sugar) को आधार बनाया जाए। इसी तरह फैट के मामले में केवल अलग से मिलाए गए फैट के बजाय सैचुरेटेड फैट (Saturated Fat) को पोषक तत्वों की चिंता वाली श्रेणी में शामिल किया जाए। नमक भी इस सूची में रहेगा।

अदालत ने कहा कि FSSAI को इन मानकों के आधार पर चेतावनी के लिए निर्धारित सीमा दोबारा तय करनी होगी। इसके लिए 2024 की डाइटरी गाइडलाइंस में दिए गए आंकड़ों को सीधे लागू नहीं किया जा सकता, क्योंकि उनमें Added Sugar और Added Fat को आधार बनाया गया था।

लाल लेबल का आकार और जगह भी होगी तय

सुप्रीम कोर्ट ने लेबल के डिजाइन और आकार को लेकर भी निर्देश दिए हैं। लाल रंग के हेक्सागोन को पैकेट के सामने प्रमुखता से दिखाना होगा, ताकि ग्राहक खरीदारी से पहले ही उसके बारे में अच्छी तरह से समझ सके। अदालत ने प्रत्येक चेतावनी चिह्न के लिए पैकेट के मुख्य डिस्प्ले पैनल का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा रखने का निर्देश दिया है। इससे चेतावनी छोटे अक्षरों में छिपी नहीं रहेगी और आसानी से पढ़ी जा सकेगी।

FSSAI को चार महीने का समय

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को चार महीने के भीतर चेतावनी लेबलिंग से जुड़े नए नियमों का मसौदा तैयार करने का निर्देश दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इसका सीधा संबंध आम लोगों और खासकर बच्चों की सेहत से है। इस मामले में आगे की सुनवाई करीब 10 हफ्ते बाद होगी, जिसमें FSSAI को नियम तैयार करने की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी देनी होगी।

बच्चों को भी दी जाएगी पोषण की जानकारी

सुप्रीम कोर्ट ने केवल पैकेज्ड फूड की लेबलिंग तक ही अपना निर्देश सीमित नहीं रखा। अदालत ने बच्चों में कम उम्र से ही पोषण और स्वस्थ खानपान को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया है। इसके लिए स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, इंटरैक्टिव वर्कशॉप और पाठ्यक्रम से जुड़ी गतिविधियों पर विचार करने की बात कही गई है। सुप्रीम कोर्ट के इस निर्देश के बाद खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनियों को भी अपनी पैकेजिंग और लेबलिंग व्यवस्था में बदलाव करना पड़ सकता है। हालांकि, नए नियमों और उनके लागू होने की समयसीमा को लेकर FSSAI की आगे की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी।

Tags:    

Similar News