12 साल में मोदी जी पर 4 आने का भ्रष्टाचार... राहुल गांधी पर अमित शाह की तीखा हमला, सत्ता पाने के लिए दे दी नसीहत

अमित शाह ने पुणे की जनसभा में कांग्रेस पर 10 साल के शासनकाल में 12 लाख करोड़ रुपये के घोटालों का आरोप लगाया।

Update:2026-11-15 18:52 IST

Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पुणे में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के 10 साल के शासनकाल में 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले और भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन पर चार आने के भ्रष्टाचार का भी कोई आरोप नहीं लगा है। शाह ने कहा कि लगातार तीन लोकसभा चुनाव हारने के बाद कांग्रेस अलग-अलग तरीकों से अपनी नाराजगी जाहिर कर रही है।

राहुल गांधी को अमित शाह की सलाह

अमित शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करने से सत्ता नहीं मिलती। अगर कांग्रेस को सत्ता में वापसी करनी है तो राहुल गांधी को विदेश यात्राएं छोड़कर देश के गांवों में जाना चाहिए। उन्हें जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ना चाहिए। शाह ने कहा कि ऐसा करने से शायद कभी कांग्रेस की सत्ता में वापसी हो सके।

शाह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वे राहुल गांधी के इसी रास्ते पर चलते रहे तो अगले 30 साल तक उनकी सत्ता में वापसी नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी और दुनिया के सामने भारत की विकास यात्रा को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

भारत समिट को लेकर भी कांग्रेस पर साधा निशाना

हैदराबाद में हुए 'भारत समिट 2026' को लेकर भी अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस कार्यक्रम में देश और विदेश से वामपंथी विचारधारा के लोगों को बुलाया था। राहुल गांधी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के मंच से भारत के खिलाफ विचार रखकर देश की छवि खराब करने का काम किया।

राहुल गांधी ने भारत में लोकतंत्र खत्म होने का लगाया था आरोप

दरअसल, भारत समिट के दौरान राहुल गांधी ने 2014 के बाद देश की चुनावी व्यवस्था और लोकतंत्र पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि 2014 में राजनीतिक व्यवस्था में बड़ी मात्रा में पैसा आने के बाद चुनावी तस्वीर बदल गई। राहुल गांधी ने कहा था कि शुरुआत में विपक्ष को समझ नहीं आया कि देश की राजनीति में क्या बदलाव हो रहा है, लेकिन बाद में उसे पता चला कि भारत में लोकतंत्र को खत्म कर दिया गया है।

राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव का भी जिक्र किया था। उन्होंने दावा किया था कि चुनाव में वोट डालने वाले 14 करोड़ लोगों को कुछ महीने पहले गैर-मौजूद मतदाता घोषित कर दिया गया था। उनके इसी बयान और भारत समिट में दिए गए भाषण को लेकर अमित शाह ने पुणे की जनसभा में कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा।

Tags:    

Similar News