Bihar Wedding Viral News: हल्दी की रस्म, 9 साल का राज और 3 बच्चे! शादी से ठीक पहले एक मैसेज ने खोली दूल्हे की पोल, फिर जो हुआ...

Bihar Wedding Viral News: बिहार में शादी से ठीक पहले दूल्हे का 9 साल पुराना राज खुल गया! हल्दी की रस्म के बीच एक WhatsApp मैसेज ने कथित पत्नी और 3 बच्चों का सच सामने ला दिया। जानिए कैसे बारात निकलने से पहले मच गया हाई-वोल्टेज ड्रामा।

Update:2026-05-14 12:50 IST

Bihar Wedding Viral News: बिहार के बगहा में एक ऐसा वाकया सामने आया है जिसने 'फिल्मी ड्रामा' को भी पीछे छोड़ दिया है। जिस घर में शहनाइयों की गूंज और शादी के गीतों की मंगल ध्वनि सुनाई दे रही थी, वहां अचानक चीख-पुकार और सन्नाटा पसर गया। मामला ठकरहा थाना क्षेत्र के नवका टोला बेलवारीपट्टी गांव का है, जहां खुशियों भरा माहौल उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामे में तब्दील हो गया जब दूल्हे की कथित पहली पत्नी ने अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी। हल्दी की रस्म चल रही थी और अगले ही दिन बारात निकलने वाली थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

हल्दी के उबटन के बीच मची अफरा-तफरी

गांव के निवासी ललन चौधरी के बड़े बेटे की शादी गोपालगंज की एक युवती से तय हुई थी। घर में मेहमानों का तांता लगा था, महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं और दूल्हे को हल्दी लगाई जा रही थी। बारात ले जाने की सारी तैयारियां मुकम्मल हो चुकी थीं। लेकिन इसी बीच, दुल्हन पक्ष के मोबाइल की एक 'टिंग' ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया। दुल्हन के परिवार वालों के पास एक अज्ञात नंबर से कुछ ऐसी तस्वीरें और मैसेज पहुंचे, जिन्हें देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

एक व्हाट्सऐप मैसेज और नौ साल का राज

दुल्हन पक्ष को भेजे गए इस मैसेज में एक महिला ने खुद को दूल्हे की असली पत्नी बताया। उसने केवल दावा ही नहीं किया, बल्कि युवक के साथ अपनी तस्वीरें, साथ बिताए पलों के वीडियो और शादी से जुड़े कई सबूत भी साझा किए। महिला का दावा था कि वह पिछले नौ साल से युवक के साथ पत्नी के रूप में रह रही है। बात यहीं खत्म नहीं हुई; उसने यह भी खुलासा किया कि उन दोनों के तीन बच्चे भी हैं। जैसे ही यह खबर दुल्हन के पिता और भाइयों तक पहुंची, शादी की रस्में तुरंत रोक दी गईं और जश्न का माहौल मातम और गुस्से में बदल गया।

पंचायत और समझौते की कोशिशों का दौर

धोखाधड़ी का खुलासा होते ही गोपालगंज से दुल्हन पक्ष के लोग आनन-फानन में दूल्हे के घर पहुंचे। घर में सजी हल्दी की चौकी अब पंचायत की गद्दी में बदल चुकी थी। गांव के बड़े-बुजुर्गों को बुलाया गया और घंटों तक बहस का दौर चला। दुल्हन पक्ष का कहना था कि उनके साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है और वे इस शादी को किसी भी कीमत पर आगे नहीं बढ़ाएंगे। वहीं, दूल्हे के परिवार वाले सफाई देते नजर आए, जिससे मामला और बिगड़ गया। ग्रामीणों और रिश्तेदारों के बीच इस धोखेबाजी को लेकर तीखी नोकझोंक होती रही।

हाई-वोल्टेज ड्रामा और अधूरी रह गई बारात

पुलिस तक मामला पहुंचने की नौबत आ गई, लेकिन स्थानीय लोगों ने इसे आपसी बातचीत से सुलझाने की कोशिश की। जो दूल्हा कल घोड़े पर चढ़कर बारात ले जाने का सपना देख रहा था, वह अब खुद को और अपने परिवार को कानूनी कार्रवाई से बचाने की जुगत में लगा था। इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है कि कैसे एक सोशल मीडिया मैसेज ने एक लड़की की जिंदगी बर्बाद होने से बचा ली।

Tags:    

Similar News