फूट-फूटकर रोए बृजभूषण शरण सिंह! संत बोलें- हम तो समझते थे दबंग

गोंडा में आयोजित हनुमंत कथा के दौरान पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

Update:2026-11-16 20:05 IST

Brij Bhushan Sharan Singh: बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो गोंडा में आयोजित हनुमंत कथा का बताया जा रहा है। यहां कथावाचक विजय कौशल महाराज की कथा सुनने पहुंचे बृजभूषण सिंह अचानक भावुक हो गए। कथा के दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और वह बार-बार अपने आंसू पोंछते नजर आए। जिस बृजभूषण सिंह को अक्सर अपने बेबाक अंदाज और दबंग छवि के लिए जाना जाता है, उनका इस तरह भावुक होना अब चर्चा में है।

कथा सुनकर बोले- हनुमान जी कलयुग के देवता हैं

हनुमंत कथा के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने मंच से विजय कौशल महाराज की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि गोंडा शहर में हनुमान जी की कथा होना लोगों का परम सौभाग्य है। बृजभूषण ने बताया कि वह पहले भी विजय कौशल जी की कथा सुन चुके हैं। उनके मुताबिक, महाराज की शब्दों पर पकड़, विषय की समझ, गहरा अध्ययन और कथा सुनाने का तरीका अद्भुत है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई कथावाचक हैं, लेकिन अब कथा का असली स्वरूप कहीं-कहीं गायब होता जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि वह किसी की निंदा नहीं कर रहे हैं, बल्कि कथा की गहराई और उसके संदेश को समझने की बात कह रहे हैं।

बृजभूषण ने आगे कहा कि हनुमान जी कलयुग के देवता हैं और भगवान राम उन्हें सब कुछ सौंपकर गए हैं। उन्होंने हनुमान चालीसा का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें लिखी एक-एक बात को अपने मन में उतारना जरूरी है, लेकिन ऐसा करना आसान नहीं है। उनके मुताबिक, लोग कथा की गहराई में जाने के बजाय ऐसी कथा सुनना चाहते हैं, जिसमें शोर-शराबा हो और तालियां बजती रहें।

विजय कौशल महाराज बोले- दूर से देखकर किसी को नहीं समझ सकते

वहीं, कथावाचक विजय कौशल महाराज ने भी मंच से बृजभूषण शरण सिंह की तारीफ की। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को दूर से देखकर यह अंदाजा नहीं लगाया जा सकता कि वह असल में कैसा है। जब तक उससे मुलाकात न हो, उसकी शख्सियत को समझना मुश्किल है।

महाराज ने कहा, "हम लोग सुनते थे बड़े दबंग हैं, बड़े रौब वाले हैं। इतना विनम्र, इतना शीलवान, इतना मधुर भाषण देने वाले अगर ये दबदबे वाले होंगे तो फिर शास्त्र बदलना पड़ेगा।"

उन्होंने कहा कि बृजभूषण सिंह का पहले दिन कथा में पहुंचना आयोजन के लिए बड़ी बात है। महाराज ने उनसे आशीर्वाद देने की अपील भी की और कहा कि उनके आने से पूरी आयोजन समिति को उत्साह मिलेगा।

वृंदावन आने का दिया न्योता

विजय कौशल महाराज ने बृजभूषण शरण सिंह को वृंदावन स्थित अपने आश्रम आने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि बृजभूषण कभी वृंदावन आएं तो उन्हें खुशी होगी। महाराज ने अपने आश्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां का माहौल ऐसा है, जैसा शास्त्रों में द्वापर और त्रेता युग के आश्रमों के बारे में पढ़ने को मिलता है।

उन्होंने कहा कि बृजभूषण सिंह के आने से व्यास पीठ और आयोजन समिति गौरवान्वित और आनंदित है। साथ ही उन्होंने बृजभूषण और उनकी पूरी टीम का आभार जताया।

फिलहाल, हनुमंत कथा के दौरान बृजभूषण सिंह के भावुक होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कथा में उनकी मौजूदगी, मंच से दिया गया संदेश और विजय कौशल महाराज की तारीफ लोगों का ध्यान खींच रही है।

Tags:    

Similar News