CarryMen Delhi 2026: शॉपिंग में अब नहीं उठाने पड़ेंगे भारी बैग! दिल्ली में शुरू हुई किराये के हेल्पर की अनोखी सर्विस
CarryMen Delhi 2026: दिल्ली के बाजारों में शुरू हुई CarryMen सर्विस, अब किराये पर मिलेगा शॉपिंग हेल्पर जो उठाएगा आपका सामान
CarryMen Delhi Shopping Helper Service 2026
CarryMen Delhi Shopping Helper Service 2026: मॉल जैसे बड़े शॉपिंग सेंटर्स पर घंटों घूमकर खरीदारी करना अक्सर लोगों के लिए थकान भरा अनुभव बन जाता है। भारी बैग उठाना, या ट्रॉली को संभालना, उसके लिए भीड़ में रास्ता बनाना, बच्चों को संभालना और लगातार चलते रहना कई बार थकान के साथ शॉपिंग का मजा खराब कर देता है। खासकर बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ आने वाले परिवारों को काफी परेशानी होती है। अब इसी समस्या का समाधान लेकर राजधानी दिल्ली में एक अनोखी सर्विस शुरू हुई है, जिसने लोगों का ध्यान तेजी से खींचा है। दिल्ली में शुरू हुई इस नई सर्विस का नाम CarryMen है। यह एक ऐसा स्टार्टअप है, जो लोगों को किराये पर पर्सनल शॉपिंग असिस्टेंट उपलब्ध करा रहा है। ये असिस्टेंट बाजार में ग्राहक के साथ चलते हैं, उनका सामान उठाते हैं और जरूरत पड़ने पर कई दूसरी सुविधाएं भी देते हैं। फिलहाल यह सेवा लाजपत नगर मार्केट में शुरू की गई है और आने वाले समय में इसे चांदनी चौक जैसे दूसरे बड़े बाजारों के साथ अब इसे और शहरों तक भी बढ़ाने की तैयारी है।
क्या है CarryMen सर्विस और कैसे करती है काम?
CarryMen एक ऑन-डिमांड हेल्पर सर्विस है। आसान शब्दों में समझें तो ग्राहक शॉपिंग के दौरान एक असिस्टेंट बुक कर सकता है, जो उसके साथ पूरे समय रहेगा। यह असिस्टेंट खरीदे गए बैग और पैकेट उठाने से लेकर बाजार में दूसरी छोटी जरूरतों तक में मदद करता है। दिल्ली के बाजारों में अक्सर लोग कई घंटे खरीदारी करते हैं। ऐसे में हाथों में भारी बैग लेकर घूमना मुश्किल हो जाता है। CarryMen इसी परेशानी को कम करने के लिए शुरू किया गया है। यह सर्विस खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी मानी जा रही है जो आराम से शॉपिंग करना चाहते हैं लेकिन सामान ढोने की परेशानी से बचना चाहते हैं या जो वृद्ध हैं, शारीरिक तौर पर कमजोर या किसी दिक्कत में हैं उनके लिए यह विकल्प वरदान बनकर सामने आया है।
सिर्फ सामान उठाने तक सीमित नहीं है यह सुविधा
इस सर्विस की सबसे खास बात यह है कि इसमें केवल बैग उठाने की सुविधा नहीं दी जा रही, बल्कि ग्राहकों की सुविधा के लिए कई अतिरिक्त सेवाएं भी शामिल की गई हैं। अगर ग्राहक खरीदारी करते-करते थक जाए तो असिस्टेंट फोल्डिंग चेयर उपलब्ध कराता है, ताकि व्यक्ति कुछ देर आराम कर सके। गर्मी और बारिश से बचाव के लिए छाते की सुविधा भी दी जाती है। इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग और पावर बैंक जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, जिससे लंबे समय तक बाजार में रहने पर फोन बंद होने की चिंता नहीं रहती। कुछ पैकेज में पीने का पानी और जरूरत पड़ने पर बैठने की जगह ढूंढने जैसी मदद भी शामिल है। यही वजह है कि यह सर्विस सामान्य हेल्पर से अलग एक सेवा भाव जैसा अनुभव देने की कोशिश कर रही है।
ग्राहकों को कितने पैसे देने होंगे?
CarryMen ने अपनी सेवाओं के लिए अलग-अलग समय के हिसाब से पैकेज तय किए हैं, ताकि ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार विकल्प चुन सकें।
ग्राहकों को 30 मिनट के लिए 79 रुपये देने होंगे। वहीं 1 घंटे की सेवा के लिए 119 रुपये, 2 घंटे के लिए 199 रुपये और 3 घंटे के लिए 289 रुपये तय किए गए हैं। इस दौरान असिस्टेंट ग्राहक के साथ रहता है और सामान उठाने के अलावा कई दूसरी चीजों में भी मदद करता है। जैसे दुकानों तक बैग पहुंचाना, खाने की लाइन में लगना, पार्किंग तक छोड़ना या मेट्रो गेट तक सामान पहुंचाना।
एक असिस्टेंट कितना वजन उठा सकता है?
स्टार्टअप के मुताबिक एक असिस्टेंट अधिकतम 12 किलो तक वजन उठा सकता है। अगर ग्राहक का सामान ज्यादा हो तो अतिरिक्त असिस्टेंट भी बुक किया जा सकता है। त्योहारों और शादी के सीजन में यह सुविधा ज्यादा लोकप्रिय हो सकती है, क्योंकि उस समय लोग बड़ी मात्रा में खरीदारी करते हैं।
बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए बन रही मददगार
CarryMen सर्विस का सबसे ज्यादा फायदा बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को मिल रहा है। भीड़भाड़ वाले बाजारों में लंबे समय तक चलना और भारी सामान उठाना उनके लिए मुश्किल होता है। ऐसे में यह सर्विस उन्हें काफी राहत दे रही है।
छोटे बच्चों के साथ आने वाले माता-पिता भी इसे पसंद कर रहे हैं। कई बार खरीदारी के दौरान बच्चों को संभालना और बैग उठाना एक साथ कठिन हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी स्ट्रोलर सुविधा भी दे रही है। हालांकि इसके लिए अलग से शुल्क देना पड़ता है।
दिल्ली जैसे शहरों में क्यों बढ़ रही ऐसी सेवाओं की मांग?
मेट्रो शहरों में लोगों की लाइफस्टाइल तेजी से बदल रही है। अब लोग सुविधा आधारित सेवाओं पर ज्यादा खर्च करने लगे हैं। जैसे फूड डिलीवरी, ऑन-डिमांड कैब और होम सर्विसेज ने लोगों की जिंदगी आसान बनाई है, उसी तरह अब शॉपिंग असिस्टेंट जैसी सेवाओं की मांग भी बढ़ रही है।
दिल्ली के लाजपत नगर, सरोजिनी नगर और चांदनी चौक जैसे बाजारों में हर दिन हजारों लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। यहां भीड़ और लंबी पैदल दूरी की वजह से लोगों को काफी परेशानी होती है। ऐसे में CarryMen जैसी सर्विस कई ग्राहकों के लिए उपयोगी विकल्प बन सकती है।
सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है यह अनोखी सर्विस
इस अनोखे स्टार्टअप की सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है। कई लोग इसे शॉपिंग का नया अनुभव बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे आधुनिक लाइफस्टाइल की जरूरत मान रहे हैं। खासकर गर्मी के मौसम में यह सुविधा लोगों के लिए ज्यादा आरामदायक साबित हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह मॉडल सफल रहता है तो आने वाले समय में देश के दूसरे बड़े शहरों और मॉल्स में भी ऐसी सेवाएं देखने को मिल सकती हैं।
दिल्ली में शुरू हुई CarryMen सर्विस इस बात का संकेत है कि अब बाजार केवल खरीदारी की जगह नहीं रह गए हैं, बल्कि ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में भी तेजी से काम हो रहा है। आने वाले समय में ऐसी सुविधाएं अब शॉपिंग कल्चर में बदलाव लाने के साथ शहरी जीवन का सामान्य हिस्सा बन सकती हैं। जहां लोग खरीदारी के साथ आरामदायक अनुभव के लिए भी पैसे खर्च करेंगे।