CJP का 'जेल भरो आंदोलन' शुरू, शिवाजी पार्क पहुंचे अभिजीत दिपके, नसीरुद्दीन शाह और विशाल ददलानी भी शामिल

मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP ने ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू किया, जहां संस्थापक अभिजीत दिपके भी पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान नसीरुद्दीन शाह ने अभिजीत दिपके से मुलाकात की।

Update:2026-10-02 17:53 IST

CJP Jail Bharo Andolan: मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में शुक्रवार को Cockroach Janta Party (CJP) का 'जेल भरो आंदोलन' शुरू हो गया। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके प्रोटेस्ट साइट पर पहुंच गए। प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही शिवाजी पार्क के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। अभिजीत दिपके जब प्रदर्शन स्थल की तरफ पहुंचे तो पुलिस की बैरिकेडिंग के कारण उन्हें मंच तक पहुंचने में परेशानी हुई।

शिवाजी पार्क में चल रहे इस प्रदर्शन के बीच बॉलीवुड एक्टर नसीरुद्दीन शाह भी अभिजीत दिपके से मिलने पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन स्थल पर CJP संस्थापक से मुलाकात की। इस मुलाकात ने आंदोलन को लेकर लोगों का ध्यान और खींचा है। CJP से जुड़े प्रदर्शन को पहले भी कुछ सार्वजनिक हस्तियों का समर्थन मिलता रहा है। वहीं, संगीतकार विशाल ददलानी के भी आंदोलन में शामिल होने की बात CJP की ओर से कही गई है।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर आंदोलन

संगठन की ओर से यह आंदोलन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव आयोग से जुड़े कई मुद्दों को लेकर किया जा रहा है। प्रदर्शन में SIR प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवाल हैं। CJP ने इससे पहले 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में प्रदर्शन का ऐलान किया था, हालांकि मुंबई पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद संगठन ने आंदोलन करने का फैसला किया।

CJP का कहना है कि आंदोलन का मकसद चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवालों पर जवाबदेही तय करने की मांग उठाना है। संगठन ने SIR को रोकने, पुरानी मतदाता सूची बहाल करने और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच जैसी मांगें भी रखी हैं।

इस प्रोटेस्ट को लेकर शिवाजी पार्क के आसपास रहने वाले कुछ लोगों ने प्रदर्शन को लेकर आपत्ति भी जताई है। स्थानीय लोगों ने शोर, भीड़ और रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ने की चिंता जाहिर की है। दूसरी तरफ प्रदर्शन के आयोजकों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे।

Tags:    

Similar News