CJP कार्यकर्ता के पिता की हत्या पर BJP का बड़ा बयान, CM सुवेंदु ने साफ़ किया रुख, बोले- 'पार्टी का कोई रोल...'

CM Suvendu on CJP Worker Father Death: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में CJP कार्यकर्ता शेख अब्दुल हफीज के परिवार पर हुए हमले में उनके पिता की मौत के बाद सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटना में किसी राजनीतिक दल की भूमिका से इनकार किया है।

Update:2026-08-16 21:11 IST

CM Suvendu on CJP Worker Father Death: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के कारिसुंडा इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय का जायजा लेने गए कार्यकर्ता शेख अब्दुल हफीज और उनके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया गया। 13 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे हथियारबंद उपद्रवियों ने हफीज के घर में जबरन घुसकर तांडव मचाया। इस बर्बरतापूर्ण मारपीट में हफीज के पिता जनाब माफिक गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिनकी शनिवार को इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।

माफी मांगने का दबाव और वीडियो संदेश का खौफनाक सच

CJP द्वारा जारी बयान और हफीज के वीडियो संदेश के मुताबिक, उसने गांव के स्कूल में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया था। आरोप है कि वहां मौजूद एक शिक्षक ने इसकी भनक स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ताओं को दे दी। उसी रात उपद्रवी लाठी डंडों के साथ हफीज के घर में घुसे और उस पर हमला कर दिया। हमलावरों की मांग थी कि हफीज स्कूल की बदहाली को उजागर करने के लिए वीडियो बनाकर माफी मांगे और यह स्वीकार करे कि उसने यह कदम किसी बाहरी दबाव में उठाया था। जब हफीज ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया, तो हमलावरों ने पूरे परिवार पर खूनी हमला बोल दिया।

CM का तीखा पलटवार

घटना के बाद राजनीतिक हलकों में आरोपों का दौर शुरू हो गया। हालांकि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सचिवालय 'नबान्न' में पत्रकारों से बात करते हुए इस घटना में किसी भी राजनीतिक पार्टी के जुड़े होने के दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मामले की प्राथमिकी में दर्ज 5 नामजद आरोपियों में से 3 को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है और बाकी 2 को भी जल्द दबोच लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट लहजे में कहा कि यह वारदात विशुद्ध रूप से अपराधियों की करतूत है और कानून के मुताबिक सख्त से सख्त दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।

केंद्रीय नेतृत्व का बयान

दूसरी तरफ, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने इस पूरी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए निष्पक्ष जांच की पैरवी की है। उन्होंने कहा कि पुलिस को पूरे मामले की तह तक जाना चाहिए और यदि कोई भी दोषी पाया जाता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। मजूमदार ने यह अंदेशा भी जताया कि क्या यह खूनी वारदात किसी पुरानी स्थानीय रंजिश का नतीजा तो नहीं है? उन्होंने कहा कि दिल्ली में CJP के बड़े प्रदर्शनों के बावजूद ऐसी कोई घटना अन्यत्र देखने को नहीं मिली, इसलिए पुलिस को हर पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश करनी चाहिए।

पार्टी नेतृत्व का सख्त रुख

राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने भी इस दुखद हादसे पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा कि कोई भी दल किसी अपराधी का समर्थन नहीं करता। उन्होंने कहा कि देश भर में पार्टी के लाखों कार्यकर्ता हैं, लेकिन अगर किसी व्यक्ति ने ऐसा जघन्य अपराध किया है, तो उसे सिर्फ और सिर्फ एक अपराधी के रूप में देखा जाएगा और बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने का आश्वासन दिया है और मामले की जांच लगातार जारी है।

Tags:    

Similar News