'गांधीवादी रास्ता छोड़ अब बनेंगे भगत सिंह...' झारखंड में छात्रों का फूटा गुस्सा, अब सीधा घेरेंगे CM आवास

Jharkhand CM Residence Gherao: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों का आंदोलन अब तेज हो गया है। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने 18 अगस्त तक मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम दिया है।

Update:2026-08-16 19:43 IST

Jharkhand CM Residence Gherao: झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और धांधली के खिलाफ चल रहा छात्रों का प्रदर्शन अब बेहद उग्र मोड़ पर पहुंच गया है। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने राज्य सरकार के खिलाफ निर्णायक जंग का ऐलान कर दिया है। रविवार को अपनी भावी रणनीति का खुलासा करते हुए मंच ने सोशल मीडिया पर एक कड़ा संदेश जारी किया। उन्होंने साफ शब्दों में लिखा कि अब तक अहिंसा और शांति का मार्ग अपनाकर देख लिया गया है, लेकिन जब सरकार ने बातें नहीं सुनीं तो युवाओं को क्रांति के रास्ते पर कदम बढ़ाना पड़ रहा है।

18 अगस्त तक का समय, वरना 20 को हिल जाएगी राजधानी

छात्र नेता रविंद्र पासवान ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि लगातार धरने, सत्याग्रह और भूख हड़ताल के बावजूद सत्ता में बैठे लोगों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार को चेतावनी दी है कि 18 अगस्त तक सभी भर्ती प्रक्रियाओं में सुधार और पारदर्शिता लाने को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं। अगर तय समय सीमा के भीतर मांगें पूरी नहीं की गईं, तो 20 अगस्त को राज्य भर से हजारों की संख्या में अभ्यर्थी रांची पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

राहुल गांधी से अपील

रविवार को विरोध प्रदर्शन के तहत राज्य के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के पुतले फूंके गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सत्ताधारी गठबंधन सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। आंदोलनकारियों ने राहुल गांधी से सीधी अपील करते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री युवाओं के हक में फैसला नहीं लेते हैं, तो कांग्रेस को इस गठबंधन सरकार से अपना समर्थन तुरंत वापस ले लेना चाहिए। इसके साथ ही मंच ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग भी पुरजोर तरीके से उठाई है।

तिरंगा यात्रा से दिया था देशभक्ति का संदेश

इससे पहले 15 अगस्त के पावन अवसर पर अभ्यर्थियों ने अपनी एकता दिखाने के लिए रांची की सड़कों पर एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली थी। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से प्रारंभ होकर यह यात्रा अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची थी। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे युवाओं ने देशप्रेम के गगनभेदी नारे लगाए थे। छात्रों ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका यह संघर्ष केवल परीक्षाओं में सुधार और योग्य अभ्यर्थियों को उनका हक दिलाने तक रुकने वाला नहीं है।

20 अगस्त की तारीख पर टिकी नजरें

फिलहाल इस अल्टीमेटम के बाद झारखंड की प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्था में हलचल बढ़ गई है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों का गुस्सा चरम पर है। 18 अगस्त की डेडलाइन खत्म होने में अब कुछ ही वक्त बचा है, ऐसे में 20 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद हो गया है। देखना होगा कि सरकार इस अल्टीमेटम पर क्या रुख अपनाती है।

Tags:    

Similar News