राजघाट से चांदनी चौक तक...दिल्ली में सोमवार को इन रास्तों पर लग सकता है लंबा जाम, देखें पूरी लिस्ट
Delhi Traffic News: दिल्ली में 23 नवंबर को VIP मूवमेंट और नगर कीर्तन के चलते कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। जानें किन रास्तों पर लग सकता है जाम और क्या है ट्रैफिक एडवाइजरी।
Delhi Traffic Jam
Delhi Traffic Advisory: राजधानी दिल्ली में सोमवार 23 नवंबर को कई रास्तों पर लंबा जमा लग सकता है। इसकी वजह यह है कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश गुरुपर्व पर नगर कीर्तन का आयोजन होगा। ऐसे में सेंट्रल और नॉर्थ दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है। VIP मूवमेंट की वजह से भी यातायत पर असर पड़ सकता है। ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को प्रभावित रास्तों से बचने और अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाने की सलाह दी है।
राजघाट पर सुबह 10 से 11 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन
राजघाट स्थित महात्मा गांधी स्मृति स्थल पर वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सोमवार सुबह 10 बजे से 11 बजे तक ट्रैफिक नियंत्रित किया जा सकता है। जरूरत के मुताबिक कई रास्तों पर डायवर्जन भी लागू किया जाएगा। इस दौरान आईटीओ चौक, दिल्ली गेट, गुरु नानक चौक, शांतिवन चौक, राजघाट डीटीसी डिपो और आईपी फ्लाईओवर के आसपास यातायात प्रभावित हो सकता है।
इसके अलावा बीएसजेड मार्ग पर आईटीओ चौक से दिल्ली गेट के बीच, रिंग रोड पर शांतिवन चौक से आईपी फ्लाईओवर के बीच और असफ अली रोड पर दिल्ली गेट से नेताजी सुभाष मार्ग तक ट्रैफिक नियंत्रित किया जा सकता है।
नगर कीर्तन को लेकर भी एडवाइजरी जारी
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश गुरुपर्व के अवसर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की ओर से सोमवार को नगर कीर्तन निकाला जाएगा। यह जुलूस सुबह 10 बजे गुरुद्वारा सीस गंज साहिब, चांदनी चौक से शुरू होगा ।नगर कीर्तन फतेहपुरी, खारी बावली, नया बाजार चौक, पीली कोठी रोड, पुल मिठाई, जोरावर सिंह मार्ग, बर्फ खाना चौक, पुल बंगश मेट्रो स्टेशन, रोशनआरा रोड, घंटा घर और शक्ति नगर चौक से होते हुए जीटी करनाल रोड स्थित गुरुद्वारा नानक प्याऊ साहिब पहुंचेगा। जुलूस के गुजरने के दौरान इन रास्तों और आसपास के इलाकों में यातायात को जरूरत के अनुसार नियंत्रित या डायवर्ट किया जाएगा।
इन इलाकों में भी प्रभावित हो सकता है ट्रैफिक
नगर कीर्तन और अन्य यातायात व्यवस्थाओं के चलते नॉर्थ दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में भी जाम की आशंका है। इनमें चांदनी चौक, फतेहपुरी, खारी बावली, सब्जी मंडी, पुल बंगश, रोशनआरा रोड, घंटा घर, कुतुब रोड चौक, बर्फ खाना चौक, रानी झांसी फ्लाईओवर और शक्ति नगर चौक शामिल हैं। इसके अलावा आउटर रिंग रोड पर वजीराबाद फ्लाईओवर से सलीमगढ़ वाई-पॉइंट के बीच और शमनाथ मार्ग, लोकर निवास मार्ग, अंडरहिल रोड, राजपुरा रोड तथा रानी झांसी रोड जैसे रास्तों पर भी यातायात प्रभावित हो सकता है।
दिल्ली पुलिस ने यात्रियों को दी ये सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोमवार को प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें। जरूरी होने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। वाहन चालकों को ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों और डायवर्जन संकेतों का पालन करने की सलाह दी गई है। भारी और व्यावसायिक वाहनों को भी जरूरत के मुताबिक कुछ स्थानों से डायवर्ट किया जा सकता है।
दिल्ली में सोमवार को यात्रा करने वाले लोगों के लिए बेहतर होगा कि वे निकलने से पहले ट्रैफिक की ताजा स्थिति की जानकारी ले लें और संभव हो तो मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।