एक दिन में 48 मौतों से दहला देश! कहीं परिवार खत्म तो कहीं शादी से लौट रहे लोगों की गई जान
India Road Accident: भारत के कई राज्यों में रविवार को हुए अलग-अलग हादसों में 48 लोगों की मौत हो गई। राजस्थान, गुजरात, बिहार, यूपी, तमिलनाडु समेत कई जगहों पर दुर्घटनाएं हुईं।
India Road Accident
Road Accident News: देश में आज ‘हादसों का रविवार’ रहा। अलग-अलग हिस्सों में हुए हादसों ने कई परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया। राजस्थान से लेकर गुजरात, बिहार, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु तक रोड एक्सीडेंट की खबरें सामने आईं। कहीं तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर ने लोगों की जान ले ली तो कहीं सड़क किनारे खड़े ट्रक से गाड़ी भिड़ गई। इन अलग-अलग घटनाओं में कुल 48 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हादसों की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ घटनाओं में एक ही परिवार के कई सदस्य काल के गाल में समा गए।
खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौटते वक्त उजड़ गया परिवार
राजस्थान के कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास एक दर्दनाक दुर्घटना हुई। यहां सड़क किनारे खड़े ट्रक में एक क्रूजर गाड़ी जा घुसी। गाड़ी में सवार लोग खाटू श्यामजी के दर्शन करके लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नौ लोगों की मौत हो गई। जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। शुरुआती जांच में ड्राइवर को नींद की झपकी आने की आशंका जताई गई है।
वहीं जोधपुर में भी सड़क दुर्घटना ने तीन लोगों की जान ले ली। यहां कार और ट्रैवल टेम्पो के बीच भिड़ंत हुई। हादसे में करीब 15 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि संबंधित परिवार गुजरात से रामदेवरा की ओर जा रहा था।
गुजरात में एक टक्कर ने छीन ली सात जिंदगियां
गुजरात के कच्छ में भुज-खावड़ा हाईवे पर कार और ट्रेलर की भिड़ंत में सात लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इस हादसे में सेना से जुड़े परिवार के सदस्यों की भी जान चली गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
बिहार में शादी की खुशियां मातम में बदलीं
बिहार के बाढ़ इलाके में एक स्कॉर्पियो और हाइवा के बीच टक्कर हो गई। स्कॉर्पियो में सवार लोग शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं शामिल थीं। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हरियाणा और यूपी में भी हादसों ने ली जान
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में दिल्ली से वाराणसी जा रही डबल डेकर बस एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की जान चली गई और 15 यात्री घायल हो गए। घायलों में सात की हालत गंभीर बताई है। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य चलाया गया। हरियाणा के करनाल में भी दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हुई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन से चार लोग घायल हुए। दुर्घटना में एक बच्चे की भी जान जाने की खबर है।
दूसरे राज्यों में भी हादसों ने मचाई तबाही
देश के अन्य हिस्सों में भी दुर्घटनाओं का सिलसिला थमता नहीं दिखा। तमिलनाडु में हुए एक हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। जबकि तेलंगाना के विकाराबाद में लॉरी और ऑटो-रिक्शा की टक्कर में चार लोगों ने दम तोड़ दिया। झारखंड में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में छह लोगों की जान चली गई। मध्य प्रदेश के सागर जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
एक ही दिन में अलग-अलग राज्यों से आई हादसों की खबरों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इन घटनाओं में कहीं तेज रफ्तार, कहीं वाहनों की टक्कर और कहीं वाहन पर नियंत्रण खोने की आशंका सामने आई है। 48 लोगों की मौत ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। हादसों में घायल हुए लोगों का इलाज जारी है।